सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बीच चौराहे पर चाकू से रेत लिया अपना गला, सीसीटीवी फुटेज देख उड़े पुलिस के होश

धार, अग्निपथ। धार शहर की आनंद चौपाटी पर गुरुवार तड़के एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इंदौर की एक नामी कंपनी में 24 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर काम कर चुके सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुणाल जोशी ने बीच सड़क पर खुद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो रूह कंपा देने वाला सच सामने आया।

सीसीटीवी में कैद हुआ मौत का खौफनाक मंजर

घटना सुबह करीब 6 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, कुणाल जोशी पैदल चलते हुए आनंद चौपाटी पहुंचता है। वह कुछ देर चौराहे पर खड़ा होकर इधर-उधर देखता है और फिर अचानक जेब से चाकू निकालकर खुद पर हमला शुरू कर देता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि उसने पहले अपनी कलाई की नस काटी। इसके बाद उसने अपने कपड़े उतार दिए और नग्न अवस्था में अपने निजी अंगों और गर्दन पर चाकू से तब तक वार किए जब तक कि वह लहूलुहान होकर गिर नहीं गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह पास की एक दुकान के ओटले पर जाकर बैठ गया, जहां अत्यधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

24 लाख का पैकेज छोड़ पिता की सेवा में जुटा था युवक

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कुणाल जोशी एक मेधावी सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और इंदौर की एक कंपनी में बड़े पैकेज पर कार्यरत था। करीब दो साल पहले उसके पिता सूर्यनारायण जोशी को पैरालिसिस (लकवा) मार गया था। पिता की देखभाल करने वाला घर में कोई नहीं था, इसलिए कुणाल ने अपनी लाखों की नौकरी छोड़ दी और धार आकर पिता की सेवा में जुट गया। घर में पिता के अलावा उसका एक छोटा भाई है जो इंदौर में रहता है। परिचितों का कहना है कि कुणाल अविवाहित था और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में देखा जा रहा था।

शराब की लत और अवसाद की आशंका

सूचना मिलते ही सीएसपी सुजवाल जग्गा और कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को शव के पास ही खून से सना चाकू बरामद हुआ है। आसपास के लोगों और प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि नौकरी छोड़ने और घर की परिस्थितियों के कारण कुणाल शराब पीने का आदी हो गया था। संभवतः लंबे समय से चल रहे अवसाद और अकेलेपन के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। सीएसपी सुजवाल जग्गा का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट है कि युवक ने स्वयं पर हमला किया है। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसे इस कदम के लिए किसी ने उकसाया था या वह किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और मानसिक स्थिति का विश्लेषण किया जा सके।

Next Post

उज्जैन में मौसम ने बदली करवट, तेज बारिश से विक्रमोत्सव के कार्यक्रमों में पड़ा खलल

Thu Mar 19 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। धार्मिक नगरी उज्जैन में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की तेज धूप और उमस के बाद शाम को आसमान में काली घटाएं छा गईं और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बेमौसम बारिश ने जहां शहरवासियों को गर्मी से […]

Breaking News