स्मार्ट मीटर लगाने गई टीम पर हमला, उग्र भीड़ ने 13 मीटरों को आग के हवाले किया

भैरुंदा, अग्निपथ। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सुभाष कॉलोनी स्थित वितरण केंद्र पर स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान भारी उपद्रव और आगजनी की घटना सामने आई है। यहाँ एक स्थानीय निवासी ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि भीड़ को उकसाकर बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटरों को जलाकर खाक कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 अप्रैल 2026 को मैसर्स अपरवा कंपनी के कर्मचारियों की टीम सुभाष कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी कैलाश धावरे पिता रामसिंह धावरे ने वार्ड के लोगों को मीटर लगाने के विरोध में भड़काना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उग्र हुए व्यक्ति ने लगाए गए स्मार्ट मीटरों को उखाड़ दिया और उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस आगजनी में कंपनी के करीब 13 स्मार्ट मीटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना के दौरान कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और झूमाझटकी भी की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

विद्युत वितरण कंपनी के सहायक प्रबंधक टेकसिंह बाल्के ने इस हिंसक कृत्य के संबंध में थाना भैरुंदा में लिखित आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सहायक प्रबंधक की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी कैलाश धावरे के विरुद्ध अपराध क्रमांक 198/26 दर्ज किया है।

आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 324(5), 351(2), 326(f) के साथ-साथ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 और 140 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर रही है।

00000​

Next Post

प्रियंक मिश्रा भोपाल के नए कलेक्टर नियुक्त, राजीव रंजन मीना संभालेंगे धार की कमान

Fri Apr 10 , 2026
धार, अग्निपथ। मध्य प्रदेश शासन ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ी सर्जरी करते हुए धार सहित कई जिलों के कलेक्टरों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को अब राजधानी भोपाल के कलेक्टर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 2012 बैच […]

Breaking News