हनी ट्रैप गिरोह के सभी 6 आरोपियों को जेल भेजा

लूटेरी दुल्हन

उज्जैन, अग्निपथ। सोशल मीडिया फ्रेंडशिप से शुरू हुए अपहरण एवं फिरौती के खेल में शामिल हनी ट्रैप की सुंदरियों को पुलिस ने उनके पूरे गिरोह के साथ न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अपहरण और फिरौती के मामले में पकड़ाई ये सुंदरियां पहले दुल्हन बनकर शादी की पहली रात ससुराल वालों को लूट चुकी हैं।

उज्जैन सहित शाजापुर और दमोह में ससुरालजनों को लूटने के मामले सामने आए हैं। हाल ही में इन्हीं आरोपियों के खिलाफ शाजापुर में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज हुआ है। अब शाजापुर पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें भैरवगढ़ जेल गिरफ्तार कर ले जा सकती है।

टीआई गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की गई जिसमें सामने आया कि वे संगठित गिरोह के रूप में इसी तरह की धोखाधड़ी और जालसाजी का काम करते हैं। इससे पहले वे शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर ससुरलजनों को लूट चुकी हैं।

गौरतलब है कि 12 सितंबर को जबलपुर की रहने वाली कृतिका जैन नामक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुलाहेड़ा के प्रॉपर्टी व्यवसायी राहुल को हनी ट्रैप कर फंसाया था। दोनों की इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद उज्जैन आई थी और गरोठ रोड पर राहुल को बुलाकर दो अन्य महिलाओं सहित 6 लोगों ने व्यवसायी का अपहरण कर लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर धमकाया और फिरौती की मांग की थी। नहीं देने पर बलात्कार का झूठा प्रकरण दर्ज करवाने की धमकी भी दी थी।

मामले में पुलिस ने आरोपी पुष्पा उम्र 55 निवासी जबलपुर, कृतिका पिता स्व. छोटेलाल जैन, उम्र 18 वर्ष, जबलपुर, भारती लोधी पिता जगन लोधी, उम्र 18 वर्ष निवासी जबलपुर, अनुजा जैन पिता स्व. छोटेलाल जैन, उम्र 28 वर्ष,जबलपुर, संजय पिता बंशीलाल सोंटी, उम्र 25 वर्ष, निवासी परिगांव, थाना माकड़ौन, भगवान सिंह उर्फ फूलसिंह पिता बालूसिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी अनखली, थाना माकड़ौन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

शादी कर लूटने के ये मामले आए सामने

एक साल पहले भारती ने उंडासा में शादी कर ससुरालियों को लूटा: कृतिका जैन के साथ भारती लोधी नामक युवती भी गिरफ्तार हुई है। भारती ने सालभर पहले उंडासा के महिपाल नामक युवक से शादी की थी। यह शादी भी आरोपी पुष्पा जैन ने 2 लाख रुपए में तय करवाई थी। भारती शादी के कुछ ही दिन बाद महिपाल के घर से आधी रात को उसकी लोअर और टीशर्ट पहनकर भाग गई थी।

रात्रि गश्त में पुलिस ने उसे अकेले जाते देख पूछताछ की तो वो भ्रमित करने वाली कहानियां गढऩे लगी थी। पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा। हालांकि महिपाल की तरफ से शिकायत नहीं की गई थी इसलिए कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ था। अब पुलिस महिपाल से संपर्क कर रही है।

शाजापुर में अनुजा शादी की पहली ही रात जेवरात लेकर फरार, केस दर्ज: शाजापुर के ग्राम लाहौरी में रहने वाले विपिन पिता सीताराम विश्वकर्मा से पुष्पा ने अनुजा का विवाह जनवरी 2025 में कराया था। डेढ़ लाख रुपए में रिश्ता तय हुआ था। शादी की पहली ही रात अनुजा घर से जेवरात लेकर फरार हो गई। जब विपिन को आरोपियों के उज्जैन में पकड़े जाने की खबर मिली तो उन्होंने शाजापुर कोतवाली थाने पहुंचकर इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

दमोह में 4.5 लाख की ठगी की: मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी कृतिका जैन का विवाह पुष्पा जैन ने दमोह में भी करवाया था। यहां से भी कृतिका पहली रात में ही गायब हो गई थी। यहां से इन लोगों ने गहने व नगदी मिलाकर करीब 4.5 लाख रुपए की ठगी की थी। अब उज्जैन पुलिस सभी थानों से संपर्क कर इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

Next Post

संभाग में रातभर गुंडों के खिलाफ कांबिग गश्त, एडीजी ने किया नेतृत्व, 1200 से ज्यादा पुलिस अधिकारी कर्मचारी सडक़ों पर उतरे

Sun Sep 14 , 2025
437 वारंट तामिल किए, जिलाबदर आरोपी भी सीमाक्षेत्र में घूमते पकड़ाए उज्जैन, अग्निपथ। संभाग के चार जिलों में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि डेढ़ हजार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की फोर्स गुंडों के खिलाफ कांबिंग गश्त पर निकली। एडीजी के निर्देश पर चले इस अभियान में पुलिस ने 449 वारंट तामिल किए […]

Breaking News