तोगड़िया का महासंकल्प: देश के 1 लाख कोनों में गूंजेगी हनुमान चालीसा,
उज्जैन, अग्निपथ। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने उज्जैन की धरती से एक बड़े अभियान का शंखनाद किया है। उन्होंने घोषणा की है कि आने वाले एक वर्ष के भीतर देश के 1 लाख अलग-अलग स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया जाएगा। इस महाभियान का सीधा लक्ष्य 10 करोड़ हिंदू परिवारों को एक साथ लाकर एक अभेद्य संगठन खड़ा करना है।
यह बड़ा ऐलान डॉ. तोगड़िया ने राष्ट्रीय बजरंग दल और राष्ट्रीय महिला परिषद के दो दिवसीय हिंदू अधिवेशन के दौरान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब हर मंगलवार और शनिवार को देश की गली-गली में हनुमान चालीसा की गूंज सुनाई देगी।
‘एक मुट्ठी अनाज’ से मिटाएंगे हिंदुओं की भूख
तोगड़िया ने केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि हिंदुओं की सामाजिक एकजुटता का भी खाका पेश किया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत ‘एक मुट्ठी अनाज’ योजना शुरू की जा रही है। इसमें हर सक्षम हिंदू परिवार से अनाज एकत्रित कर उन जरूरतमंद हिंदुओं तक पहुँचाया जाएगा जिन्हें राशन की कमी है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प एक सुरक्षित, समृद्ध और स्वावलंबी हिंदू समाज का निर्माण करना है।
सीमावर्ती जिलों पर विशेष नजर: 250 जिलों का दौरा
अधिवेशन में पहुंचे 5,000 से अधिक पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए तोगड़िया ने बताया कि वे पाकिस्तान और बांग्लादेश की सीमाओं से सटे संवेदनशील इलाकों सहित देश के 250 जिलों का तूफानी दौरा कर रहे हैं। इस दौरान 1,600 से अधिक आंतरिक बैठकों में ‘हिंदू घर-सुरक्षित घर’ जैसी रणनीतियों पर काम किया जा रहा है। उज्जैन के शहनाई गार्डन में आयोजित इस समागम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे शहर में इस अभियान को लेकर चर्चा जोरों पर है।
