12. 50 रुपये लेकर रजिस्ट्रेशन करवाने के लिये दी गई पर्ची

उज्जैन, अग्निपथ। जिला प्रशासन द्वारा नियम नहीं मानने वाले ईरिक्शा चालकों के खिलाफ गुरुवार से सघन कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बुधवार को कई ईरिक्शा चालकों ने असंगठित ईरिक्शा चालक परिचालक संघ के खिलाफ यातायात थाने पर प्रदर्शन भी किया था। उनका कहना था कि संघ बिना किसी परमीशन के रेडियम और रजिस्ट्रेशन करवाने के पैसे ले रहा है। इसके बाद गुरुवार को यातायात पुलिस ने शहर में पांच जगह ट्रेप लगाकर ईरिक्शा चालकों की धरपकड़ की जिससे इनमें हडक़ंप की स्थिति बन गई।

यातायात पुलिस ने ईरिक्शा चालकों को 10 जुलाई तक का समय लाल और पीले रंग के रेडियम लगवाने को कहा था। इसके बाद शिफ्ट वाइस ईरिक्शा का संचालन किया जाना था। लेकिन कई ईरिक्शा चालक प्रशासन की बात मानने को तैयार नहीं हैं। बुधवार को यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाने में 100 ईरिक्शा खड़े करवा लिये थे।

इस दौरान कई ईरिक्शा चालक यातायात थाने पहुंच गये थे और यहां पर नारेबाजी कर इसका विरोध करने लगे थे। उन्होंने आरटीओ और यातायात पुलिस द्वारा ईरिक्शा पर लाल पील रेडियम लगाने और रजिस्ट्रेशन करवाने के लिये असंगठित ईरिक्शा चालक परिचालक संघ का भी विरोध किया।

उनका कहना था कि रेडियम लगाने के लिये 500 रुपये लिये जा रहे हैं जोकि बाजार भाव से काफी अधिक है। इसके साथ ही रेडियम रजिस्टे्रशन लगवाने के लिये 50 रुपये की मांग की जा रही है। जोकि ठीक नहीं है। आरटीओ और यातायात पुलिस ने इस काम के लिये इनको ही क्यों अनुबंधित किया है।

50 ईरिक्शा को रेडियम लगवाकर छोड़ा

गुरुवार को 50 के लगभग ईरिक्शा को यातायात थाने में पकडक़र खड़ा किया गया था। यातायात थाना प्रभारी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि इन ईरिक्शा चालकों को समझाइश दी जाकर इनको रेडियम लगवाने के लिये भेजा गया। कई ईरिक्शा चालक दो शिफ्ट में ईरिक्शा चलाने के लिये सहमत नहीं हैं। यह पूरे 24 घंटे कभी भी ईरिक्शा का संचालन करना चाहते हैं।

शहर में जाम की स्थिति को टालने के लिये प्रशासन ने दो शिफ्ट में ईरिक्शा चलाने का निर्णय लिया है। लेकिन कई ईरिक्शा चालक अपनी सुविधा के अनुसार ईरिक्शा का संचालन करना चाहते हैं।

असुविधा से बचाने के लिये रेडियम और रजिस्ट्रेशन

इधर असंगठित ईरिक्शा चालक परिचालक संघ के अध्यक्ष बल्लू ठाकुर ने बताया कि आरटीओ में ईरिक्शा चालकों की भीड़ एकत्रित नहीं हो इसके लिये आपसी सहमति से रेडियम लगवाया जा रहा है। ईरिक्शा चालक यदि चाहें तो शहर में कहीं पर भी ईरिक्शा पर रेडियम चस्पा करवा सकते हैं। रेडियम रजिस्ट्रेशन आरटीओ से लाने और नंबर चस्पा करने के लिये 50 रुपये लिये जा रहे हैं और उनको घर बैठे यह सुविधा प्रदान की जा रही है।

टॉवर सहित यातायात पुलिस ने 5 जगह की धरपकड़

गुुरुवार को यातायात पुलिस ने टॉवर, तीन बत्ती चौराहा, अशोक टॉकिज, रेलवे स्टेशन, महाकाल घाटी और हरिफाटक ब्रिज की चौकी पर जमकर चैकिंग अभियान चलाया। जिससे ईरिक्शा चालकों में हडक़ंप मचा हुआ है। ईरिक्शा चालकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि महाकाल घाटी और हरिफाटक ब्रिज पर 200-200 रूपये लेकर छोड़ा जा रहा था। आगामी दिनों में गधापुलिया के पास ईरिक्शा चालक बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं।

Next Post

पहले आग को समझें, फिर तुरंत बुझायें

Thu Jul 11 , 2024
महाकालेश्वर मंदिर में अग्नि सुरक्षा व विद्युत सुरक्षा हेतु मंदिर कर्मचारियों व सुरक्षाकर्मियों को ट्रैनिंग सम्पन्न उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम फायर ब्रिगेड के पूर्व अधिकारी को बुलाकर महाकाल मंदिर के कर्मचारी व सुरक्षाकर्मियों को आग से बचने की जानकारी दी गई। नगर निगम के पूर्व फायर अधिकारी अजय सिंह राजपूत […]

Breaking News