18 मांगें स्वीकृत, अमल केवल एक पर

निगम गेट पर जमकर की नारेबाजी, 2 दिन की गेट मीटिंग के बाद होगी काम बंद हड़ताल

उज्जैन, अग्निपथ। अपनी मांगों को लेकर बुधवार को आखिर नगर निगम के कर्मचारियों को आन्दोलन की राह पकडऩे को मजबूर होना पड़ा। 16 जनवरी 2023 की बैठक में 18 मांगों पर सहमति बनी थी उसमें से मेडीकल भत्ते बढ़ाने की मांग पर अमल हुआ, 17 मांगें स्वीकृत होने के बावजूद उस पर अमलीजामा नहीं पहनाया गया। इसी कारण पुन: गेट मीटिंग करने को मजबूर होना पड़ा। 2 दिन की गेट मीटिंग के बाद काम बंद हड़ताल की जावेगी, जिसकी समस्त जवाबदारी निगम प्रशासन की होगी।

उक्त बात गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए सफाई कामगार संघ, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ संरक्षक श्री रामचंद्र कोरट ने कही। उन्होंने कहा कि अधिकांश कर्मचारियों का समयमान-वेतनमान के आदेश जारी होना है। इंदौर नगर निगम द्वारा अस्थाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है किन्तु उज्जैन नगर निगम द्वारा उक्त प्रस्ताव आज दिनांक तक नहीं पहुंचाया गया। ईद के पूर्व कर्मचारियों को फेस्टीवल एडवांस की भी मांग की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य मांगों का निराकरण आज दिनांक तक नहीं किया गया।

सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. पवन व्यास ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों के कामों के लिये निगम प्रशासन के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी के प्रकरण जो न्यायालय द्वारा आदेश जारी किये गये हैं उसके बावजूद निगम प्रशासन द्वारा प्रकरणों का निराकरण नहीं किया जा रहा है।

सफाई कामगार संघ अध्यक्ष चंदगीराम टांकले ने कहा कि 29 दिवस, 89 दिवस कर्मचारियों को शीघ्र विनियमित किया जावे, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेशचंद्र रघुवंशी, नितिन मुसले ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। संचालन सचिव संदीप कलोसिया ने किया। आभार अब्दुल हमीद दरोगा ने माना। इस अवसर पर निगम गेट पर जमकर नारेबाजी की गई।

आज भी गेट मीटिंग

गुरुवार को भी गेट मीटिंग 3 बजे होगी, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारियों से उपस्थित होने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर अल्काब भाई, मनसुख मेहरवाल, अजयप्रकाश मेहता, गय्यूर भाई, अजय दावरे, महेश झांझोट, सोनू पहलवान, रामसिंह चौहान, दिलीप घावरी, दीपचंद दावरे, विनोद शिंदे, मुकेश कल्याणे, सुनील भैरवे, सुनील सौदे, कृष्णकांत पाण्डे, प्रजेश पाटिल, उमाशंकर मिश्रा, रमेशचंद्र जटिया, सुभाष, अभिषेक कोरट सहित बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Next Post

धार का गौरव दिवस अब बसंत पंचमी पर

Wed Apr 12 , 2023
नगर सरकार ने पारित किया प्रस्ताव, परिषद की बैठक में 356 करोड़ का बजट पारित धार, अग्निपथ। नगर पालिका परिषद धार की बैठक बुधवार को हुई। इसमें विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस बैठक का मुख्य प्रस्ताव सालाना बजट को पारित करना था। पीआईसी की मंजूरी लेने के बाद […]

Breaking News