आगर, अग्निपथ। सोयत कला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने माधव चौक के पास हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी दीपक मेंलड़ा (उम्र 20 वर्ष) को पकड़ा है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
23 अगस्त 2025 को पुलिस को सोयत कला के माधव चौक के पास एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान कल्लू खां (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई, जो जन्म से मंदबुद्धि थे। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को दीपक मेंलड़ा पर शक हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दीपक ने बताया कि वह कल्लू को बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर ले गया था, जहां विरोध करने पर उसने ईंट से मारकर उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पुरानी रंजिश के कारण कल्लू से नफरत करता था, क्योंकि कुछ समय पहले कल्लू ने उसे पत्थर मारा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी पुलिस अधीक्षक ने सराहना की है।
अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
आगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पिपलोन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम काल्याखेड़ी निवासी प्रभुलाल मालवीय (उम्र 50 वर्ष) को अवैध 315 बोर के देशी कट्टे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। उसके पास से 26,000 रुपये का अवैध हथियार जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
