26 लाख का पैकेज छोड़, मोरिया के विनोद ओरा धाकड़ ने MPPSC में फिर लहराया परचम

जावरा, अग्निपथ.दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत का शानदार उदाहरण पेश करते हुए, जावरा के गाँव मोरिया के युवा विनोद ओरा धाकड़ ने एक बार फिर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। हाल ही में जारी हुए MPPSC 2024 के परिणामों में उनका चयन ACF (SDO फॉरेस्ट) के पद पर हुआ है। यह उनकी दूसरी बड़ी सफलता है, क्योंकि विनोद MPPSC 2021 में भी चयनित होकर वर्तमान में गुजरात के राजपिपला फॉरेस्ट ट्रेनिंग एकेडमी में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर प्रशिक्षण ले रहे हैं।

विनोद की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह IIT मुंबई के पूर्व छात्र रहे हैं और गुरुग्राम में एक मल्टीनेशनल कंपनी में 26 लाख रुपये सालाना का पैकेज छोड़कर प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुटे थे। उनका यह निर्णय आज सच साबित हुआ है, जो कई युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

गौरतलब है कि विनोद के पिता बसंतीलाल ओरा एक किसान हैं, और उनके छोटे भाई संजय ओरा पटवारी के पद पर रानीगाँव, तहसील पिपलोदा में पदस्थ हैं। उनकी छोटी बहन रेखा ओरा भी प्रशासनिक परीक्षा की तैयारी कर रही हैं, जो इस परिवार के समर्पण को दर्शाता है।

मोरिया जैसे छोटे से गाँव के युवा का प्रशासनिक अधिकारी बनना पूरे गाँव के लिए गर्व का क्षण है। विनोद के बचपन के गुरु वीरेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि विनोद बचपन से ही बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती छात्र रहे हैं। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गाँव के लिए प्रेरणा और सम्मान का विषय है।

Next Post

बारिश के बीच 356 हेक्टेयर पहाड़ी पर 2.25 लाख बीजों का रोपण

Sun Jun 29 , 2025
मां कवंलका की पहाड़ी पर चला अभियान रुनिजा (बड़नगर), अग्निपथ। कहते हैं अगर हौसला मजबूत और संकल्प दृढ हो, तो कोई भी बाधा टिक नहीं सकती। रुनिजा में रविवार को कुछ ऐसा ही अद्भुत नज़ारा देखने को मिला, जहाँ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भारी बारिश के बीच भी पहाड़ पर […]
(2.25 लाख बीजों का रोपण)