70 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम: बड़नगर में युद्ध स्तर पर रेस्क्यू जारी

बड़नगर, अग्निपथ। उज्जैन जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर बड़नगर तहसील के झालरिया गांव में गुरुवार रात एक हृदय विदारक घटना घटित हुई। यहाँ एक 3 साल का मासूम बच्चा खेलते समय अचानक 70 फीट गहरे खुले बोरवेल में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

राजस्थान से भेड़ चराने आया था परिवार

जानकारी के अनुसार, मासूम बच्चे का नाम भागीरथ (3) है, जिसके पिता प्रवीण देवासी राजस्थान के पाली जिले के निवासी हैं। यह परिवार पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में भेड़ चराने के उद्देश्य से रुका हुआ था। गुरुवार रात करीब 8 बजे जब बच्चा पलदूना रोड के पास खेल रहा था, तभी वह खुले पड़े बोरवेल के गड्ढे की चपेट में आ गया। परिजनों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुँचे।

प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन कलेक्टर रौशन सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मौके पर एसडीआरएफ की टीम विशेषज्ञ उपकरणों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। बोरवेल के भीतर कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए समानांतर खुदाई की योजना बनाई जा रही है।

बड़नगर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में दुआओं का दौर जारी है और प्रशासन मासूम को सकुशल बाहर निकालने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।

Next Post

 27 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

Thu Apr 9 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। अंकित राठोर निवासी गंज सीहोर ने थाना मण्डी में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने उनसे और अन्य आठ किसानों से लगभग 900 क्विंटल गेहूं खरीदा था। इस उपज की कुल राशि लगभग 27 लाख रुपये थी, जिसका भुगतान किसानों को नहीं किया गया। आरोपी अपनी […]
giraftar

Breaking News