झमाझम कैफे सायरखेड़ी के पास बगैर नंबर प्लेट की बाइक से आकर बदमाशों ने की थी वारदात
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित सायरखेड़ी क्षेत्र के झमाझम कैफे पर रविवार शाम हुई लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। बदमाशों के पास लूटी गई 8 लाख की राशि में से 5 लाख रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात के 3 घंटे बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने बताया अनुराग आंजना उम्र 20 वर्ष निवासी नागेश्वर धाम कॉलोनी अपने दोस्त अनिरूद्ध के साथ तराना से 8 लाख रुपए लेकर वापस उज्जैन आ रहा था। शाम 7 बजे वे रास्ते में सायरखेड़ी के समीप झमाझम कैफे पर चाय पीने के लिए रूके थे। इसी दौरान वहां बगैर नंबर प्लेट की नीले रंग की हीरो एक्स्ट्रीम बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोका और विवाद करने लगे।
बदमाशों ने मारपीट करते हुए एक्टिवा की डिक्की में रखे 8 लाख रुपए लूट लिए और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अनुराग का दोस्त अनिरूद्ध अपने बयान बदल रहा है। पुलिस को उस पर शंका हुई तो पुलिस उसे अनुराग से अलग लेकर गई और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की जिसमें उसने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली। अनिरूद्ध ने पुलिस को बताया कि उसी ने अपने एक दोस्त रोहित को पूरी सूचना दी थी और लूट की योजना बनाई थी।
विश्वासपात्र दोस्त ने किया विश्वासघात
आरोपी अनिरूद्ध फरियादी अनुराग का विश्वासपात्र दोस्त था। उसे पता था कि अनुराम 8 लाख रुपए लेने के लिए तराना जा रहा है। अनिरूद्ध ने रास्ते में अपने दोस्त रोहित बनोलिया को लोकेशन शेयर की। रोहित ने अपने दो अन्य साथी आलोक लोट और यश सोलंकी के साथ्ज्ञ मिलकर बाइक की नंबर प्लेट हटाकर चेहरे पर कपड़ा बांधा और सूनसान रास्ते पर घेराबंदी कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी रिमांड पर, 5 लाख बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित पिता राकेश बनोलिया निवासी तिरूपति धाम, अनिरूद्ध पिता धर्मेंद्र सेन निवासी गुदरीचौराहा, आलोक उर्फ बुद्धा लोट निवावसी भैरवगढ़ और यश सोलंकी निवासी बहादुरगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया एवं पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि 8 लाख रुपए में से 5 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। बाकि राशि के बारे में पूछताछ की जा रही है।
