आस्था पर आघात: मंगलेश्वर महादेव के नगर भ्रमण की भी नहीं मिली अनुमति

100 मीटर के दायरे में निकालनी पड़ी सवारी, जनभावना का मान रखने को कांग्रेस ने दिया ज्ञापन

बडऩगर, अग्निपथ। नगर में विराजमान चारों महादेव के सावन मास में नगर भ्रमण पर प्रशासन की रोक तीसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को मंगलेश्वर महादेव की सवारी को भी नगर भ्रमण की अनुमति नहीं दी। पुलिस के पहरे के बीच मंगलेश्वर महादेव की सवारी 100 मीटर तक भ्रमण कर व वापस अपने धाम पहुंची।

इस बीच तीन दिन से प्रशासन की मनमानी से जनता में पनप रहे आक्रोश को कांग्रेस ने आवाज दी है। पार्टी के नेताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया है।
सावन में दो सप्ताह तक तय दिनों पर चारों महादेव की सवारी निकलने के बाद बीते रविवार से प्रशासन ने सवारियों के नगर भ्रमण पर रोक लगा दी है।

सबसे पहले रविवार को सोमेश्वर महादेव, फिर त्र्यंबकेश्वर और मंगलवार को मंगलेश्वर महादेव की सवारी को प्रशासन ने पुलिसिया बल लगाकर शहर में भ्रमण करने से रोका। इतना ही नहीं प्रशासन की अनुमति नही होने के चलते प्रतीकात्मक रूप से मंगलवार को मंगलेश्वर महादेव की सवारी ज्ञानप्रकाश भार्गव के मकान तक पहुंचे। जहां परम्परागत रूप से आरती करने की भी प्रशासन के जिम्मेदारों ने प्रतिबंध लगा दिया। काफी मानमनोव्वल के बाद भक्तों ने आरती की और फिर भोलेनाथ ने वापसी की।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

महादेव सवारियां पारंपरिक मार्ग से निकालने को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन देते कांग्रेसी।
महादेव सवारियां पारंपरिक मार्ग से निकालने को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन देते कांग्रेसी।

प्रशासन के तनाशाह रवैये के विरोध में कांग्रेस ने एसडीएम के नाम तहसीलदार सुरेश नागर को मंगलवार को ज्ञापन सौंपा। वहीं विधायक मुरली मोरवाल ने भी कलेक्टर व प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर सवारी को भक्तों की सीमित संख्या के साथ तय मार्ग से निकालने की मांग रखी।

इधर कांग्रेस के विभिन्न संगठनों द्वारा दिए संयुक्त ज्ञापन में बताया कि सावन माह में चारों मण्डल द्वारा सवारी निकालने की 100 से अधिक वर्षो की परम्परा है। पिछले वर्ष कोरोना के दौरान भी प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए भोलेनाथ की पालकियां निर्धारित मार्गो से ही निकाली गई थी।

इस वर्ष भी सवारी निकालने की अनुमति प्रदान करें। यदि उक्त मांगों को नहीं माना तो उग्र आन्दोलन की चेतावनी भी कांग्रेसियों ने दी है। ज्ञापन देने वालों में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र यादव, विधायक प्रतिनिधि रामलाल माली, सेवादल अध्यक्ष मनोहरलाल शर्मा, अरूण शर्मा, राधेश्याम यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निलेश शर्मा, अशोक राठौड़, नितिन तिवारी, मांगीलाल कछावा, मुकेश देवड़ा, मनीष वेद, इकरार शेख, टीनू गुर्जर, कुशल गेहलोद आदि उपस्थित थे। ज्ञापन का वाचन राजकुमार नाहर ने किया।

इनका कहना

महादेव सवारियों के सावन में नगर भ्रमण पर प्रशासन ने रोक लगाकर आस्था पर आघात किया है। पाबंदी हटाने के लिए ज्ञापन दिया है। यदि जल्द रोक नहीं हटाई गई तो शहर बंद कर आंदोलन किया जाएगा। – निलेश शर्मा, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष, बडऩगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कांट्रेक्टर खेती के नाम पर किसानों से लाखों की ठगी अंतरराज्यीय गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार

Tue Aug 10 , 2021
गिरोह का मास्टर माइंड योगेश पाठक अपने एक साथी के साथ फरार देवास, अग्निपथ। कांट्रेक्ट फॉर्मिंग के नाम पर अंतरराज्यीय गिरोह ने जिले के खातेगांव क्षेत्र के 8 किसानों से 12 लाख रुपए ठगे और दफ्तर छोडक़र भाग गए। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे […]

Breaking News