बेटी ने कहा-मम्मी तुम तो जाओ, ऐसा मौका फिर नहीं आएगा, यही आखिरी सफर बना

1

बेटी के ससुराल आई थी रिश्तेदार तीर्थ कराने ले गए

उज्जैन, अग्निपथ। नागौर के श्रीबालाजी में मंगलवार सुबह हुए सडक़ हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोग उज्जैन के सज्जनखेड़ा गांव के हैं, जबकि 5 लोग घायल भी हैं। गांव में सबसे ज्यादा महेश मालवीय के परिवार के सदस्यों ने जान गंवाई है। इसमें उनकी ताई धुलीबाई, चाची संपत बाई, सास तेजू बाई और 15 साल का भतीजा प्रवीण शामिल है। इसके चलते महेश के बड़े भाई और उनकी पत्नी बदहवास हैं।

महेश ने बताया, पत्नी ममता से मिलने उनकी सास तराना के सरली गांव से आई हुई थीं। इसी दौरान ताई और चाची ने उन्हें अपने साथ भादवा माता के मेले और वीर तेजाजी के दर्शन करने के लिए चलने को कहा। वे जाने को तैयार नहीं थीं, लेकिन ममता ने कहा-मम्मी तुम तो जाओ ऐसा मौका फिर नहीं आएगा, मुझसे मिलने फिर आ जाना। फिर काफी ना नुकुर के बाद वे मान गईं। किसी को नहीं मालूम था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।

गांव के गोरधन मालवीय ने बताया कि यह सभी पहली बार ही घूमने के लिए कहीं बाहर निकले थे। अभी गांव में सोयाबीन की खेती हो रही है और खेतों में कोई काम नहीं है। इसलिए ग्रामीणों ने मिलकर रामदेवरा, भादवा माता, वीर तेजाजी, सांवरिया सेठ, मेहंदीपुर बालाजी जाने का प्लान बना लिया था। गांव के ही युवक संतोष ने कहा-मैं अपनी गाड़ी (तूफान) से ले चलता हूं, लेकिन जब करीब 50 लोग हो गए तो एक पिकअप (लोडिंग रिक्शा) भी कर लिया। ग्रामीणों ने बताया यह सभी शनिवार की शाम को निकले थे और गुरुवार तक आने वाले थे।

सुबह हुआ था हादसा

राजस्थान में नागौर स्थित श्रीबालाजी के पास मंगलवार सुबह भीषण हादसे में मध्यप्रदेश के 12 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 6 लोग घायल हैं। इनमें 6 महिलाएं और 2 पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद 2 महिलाओं और 1 पुरुष को बीकानेर रैफर किया गया था, जिनकी रास्ते में ही मौत हो गई। एक पुरुष की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी उज्जैन जिले के घट्टिया पुलिस स्टेशन के गांव सज्जन खेड़ा व दौलतपुर के रहने वाले हैं।

कलेक्टर एसपी पहुंचे शोक संतप्त परिवार के बीच

मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते कलेक्टर आशीष सिहं।

कलेक्टर आशीष सिंह एवं एसपी सत्येन्द्र कुमार शुक्ल मंगलवार को घट्टिया तहसील के ग्राम सज्जनखेड़ा पहुंचे यहां उन्होंने नागौर राजस्थान में हुई दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों से मिलकर उनको सांत्वना दी तथा कहा कि घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा। उल्लेखनीय है कि घट्टिया जनपद की ग्राम पंचायत बिछड़ोद इस्तमुरार के ग्राम सज्जनखेड़ा, दौलतपुर, सरली व आगर मालवा के निवासी कुल 18 स्त्री पुरुष आज सुबह राजस्थान के नागौर जिले के निकट तूफान एवं लोडिंग वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गए। दुर्घटना में 12 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है। जिनमे 10 उज्जैन जिले के व 2 आगर जिले के हैं अन्य 6 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज निकट के हॉस्पीटल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते कलेक्टर, एसपी के अलावा एसडीएम गोविंद दुबे जनप्रतिनिधि सज्जनखेड़ा पहुंचे वहां पर उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त हुए व्यक्तियों के परिजनों स्त्री पुरुषों से बातचीत की एवं उनको सांत्वना दी।

यह भी पढ़ें : देवदर्शन पर गये जिले के लोगों की दुर्घटना, 12 की दर्दनाक मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबरों के उस पार : फिर मिल गया 1 मरीज, संभल जाओ..!

Tue Aug 31 , 2021
जिले में लंबे समय के बाद कोरोना का एक मरीज मिला है। जन्माष्टमी के दिन कोरोना पॉजीटिव मिलने से प्रशासन में भी हडक़ंप मच गया। जिले में इन दिनों रोज 800 से 1200 लोगों की टेस्टिंग की जा रही है। लंबे समय से कोरोना पॉजीटिव मरीज नहीं मिल रहे थे। […]