इलाज कराने उज्जैन आई मां 2 साल की बच्ची को छोडक़र ट्रेन में सवार हो गई

2 years girl left behind at station

नागदा से मिली महिला, बच्ची को संभालने लायक ने होने से बाल कल्याण केंद्र को सौंपा

उज्जैन, अग्निपथ। रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक महिला दो साल की बच्ची को लावारिस हालत में छोडक़र ट्रेन में सवार हो गई। लावारिस हालत में बच्ची को देखकर आरपीएफ ने मामले की पड़ताल शुरू की और इसके बाद उसकी मां को नागदा स्टेशन पर तलाश लिया गया। यह महिला बच्ची का पालन-पोषण ठीक से नहीं कर पा रही थी। बच्ची को चाईल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।

यह घटनाक्रम सुबह करीब 8.30 बजे का है। रेलवे चाइल्ड लाइन में पूर्व काउंसलर और आगर जिले में वन स्टाप सेंटर पर काम करने वाली युवती श्वेता शर्मा को उज्जैन स्टेशन पर एक बच्ची लावारिस हालत में मिली। श्वेता शर्मा नागदा से उज्जैन ट्रेन से अप-डाउन करती है। बच्ची को उन्होंने प्लेटफार्म पर लावारिस हालत में देखा तो आरपीएफ से संपर्क किया, बच्ची की काउंसलिंग की। सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया गया। बच्ची ने मां का जो हुलिया और नाम बताया, उसके आधार पर उसकी मां को नागदा से तलाश लिया गया।

यह महिला उज्जैन में टीबी का इलाज कराने आई थी और वापस लौटते वक्त अपनी 2 साल की बच्ची को उज्जैन स्टेशन पर ही छोडक़र ट्रेन में सवार होकर नागदा पहुंच गई। नागदा में इस महिला ने आरपीएफ को बताया कि उज्जैन में ट्रेन में चढऩे की हड़बड़ाहट में उसकी बच्ची प्लेटफार्म पर ही छूट गई। बच्ची की मां को आरपीएफ एएसआई मनोज बौरासी की मदद से वापस उज्जैन लाया गया। यहां उसकी मां से बात की गई। मूलत: दिल्ली के कच्ची खजूरी इलाके में रहने वाली यह महिला काफी बीमार थी, महिला के पति की भी मौत हो चुकी है, उसके कोई रिश्तेदार भी नहीं है।

यह महिला इस हालत में नहीं थी कि खुद का भी ध्यान रख सके। इस महिला से बात करने के बाद बाल कल्याण समिति के सामने इस प्रकरण को रखा गया। महिला की दो साल की बच्ची की सुरक्षा हो सके इस लिहाज से महिला के ठीक होने तक बाल कल्याण समिति ने बच्ची को बाल कल्याण केंद्र में रखने के निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रशासन ने छुड़ाई 77 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी जमीन

Wed Sep 8 , 2021
छात्रावास, उद्योग और अन्य सरकारी कामों में लिया जाएगा उपयोग उज्जैन, अग्निपथ। सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने की मुहिम के दौरान बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम संजीव साहू और उनकी टीम ने शहरी सीमा से लगी […]
भू-माफियाओं