शिरिन ने कहा एजुकेशन सेंटर पर बनती है नकली मार्कशीट, सर्चिंग में कुछ नहीं मिला

चार दिन के रिमांड पर लिया अब अधिकारी करेंगे पूछताछ

उज्जैन,अग्निपथ। मानव अधिकारी संस्था में नियुक्ति के नाम पर ठगी के आरोप में पकड़ाई शिरिन को रविवार शाम नागझिरी पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं उसके बयान पर फ्रीगंज के एजूकेशन सेंटर पर की गई सर्चिंग बेमतलब निकली। पुलिस अब उससे दस्तावेज जब्ती के साथ अन्य मामलों में पूछताछ करेगी।

इंटरनेशनल ह्यूमन राईट्स ट्रस्ट में पदाधिकारी बनाकर लोगों से ठगी के मामले में पकड़ाई शिरिन हुसैन उर्फ शाबाना ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि फ्रीगंज स्थित भार्गव कांपलेक्स में संचालित एनआईएस संस्था में कई विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिप्लोमा और अंकसूची बनाई जाती है। इस सूचना पर रविवार दोपहर सीएसपी पल्लवी शुक्ला, थाना प्रभारी तरुण कुरील व एसआई चांदनी गौड़ बल के साथ माखन लाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से संबंधित संस्था पर सर्चिंग के लिए पहुंचे। करीब आधा घंटे तक तलाशी के बावजूद यहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। वहीं पुलिस ने शिरिन को कोर्ट में पेश किया। उससे संस्था से संबंधित दस्तावेज व साथियों का पता लगाने का हवाला देते हुए रिमांड मांगा। कोर्ट ने उसे 16 सितंबर तक के लिए पुलिस को सौंप दिया। याद रहे इंटरनेशनल ह्यूमन राईट्स ट्रस्ट की चेयरमेन यूपी स्थित लखनऊ निवासी मधु पति रवींद्रसिंह यादव की शिकायत पर पुलिस ने 8 सितंबर को शिरिन के खिलाफ करीब 30 लोगों से ठगी का केस दर्ज किया था।

घर से समझौते का खेल

बताया जाता है शिरिन ने संस्था से हटाने पर भी चेयरमेन के नकली साईन व नियुक्ति पत्र जारी किए थे। उसने खुद का संगठन बनाकर घर पर ही लोगों की काउंसलिंग व समझौते करवाने का धंधा खोल लिया था। इस दौरान व पति-पत्नी विवाद, लव जेहाद से संबंधित मामलों में भी भारी राशि लेकर समझौते करवा रही थी। अधिकारी अब उससे संस्था के दस्तावेज व प्रकरणों के संबंध में पूछताछ करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल

Sun Sep 12 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह से भोपाल स्थित उनके निवास पर उज्जैन से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के नेतृत्व में भेंट की एवं शहर व संगठन की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत […]