अब चलेगी बार एसोसिएशन में रविदादा…गिरी
75 साल के त्रिवेदी को जिता गया 53 साल का अनुभव
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन बार एसोसिएशन के चुनाव में ब्राह्मणों और वरिष्ठ वकीलों की एकजुटता ने चार पदों पर ब्राह्मण समाज के प्रत्याशियों को जिता दिया। संभवता पहली बार में चारों महत्वपूर्ण पद पर ब्राह्मण समाज का कब्जा हुआ है। वहीं अध्यक्ष पद पर 75 साल के रविंद्र त्रिवेदी का वकालात का 53 साल का अनुभव उन्हें बार अध्यक्ष का चुनाव जिता गया। एक दिन देरी से आए परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक यादव को 42 वोट से पराजित कर दिया। रविंद्र त्रिवेदी को 493 वोट मिले, जबकि अशोक यादव को 451 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रहे अनिल माथुर को 150 वोट मिले। कुल 1105 लोगों ने मतदान किया था। मतदान का अधिकारी 1291 वकीलों को था। सोमवार को बारिश के बाद बिजली चले जाने से मतगणना नहीं हो पाई थी।
लाइब्रेरी को आधुनिक बनाना पहला लक्ष्य
चुनाव जीतने के बाद रविंद्र त्रिवेदी का कहना है कि उनके खिलाफ कई तरह की अफवाह फैलाई गई थी, परन्तु चुनाव में यह सब होता है। अब चुनाव हो गए हैं। मैं बार के अध्यक्ष के रूप में सबके साथ हर समय खड़ा रहूंगा। मेरा उद्ेश्य युवा वकीलों को अच्छी वकालात के अवसर और ट्रेनिंग उपलब्ध कराना है। इसके लिए लाइब्रेरी को आधुनिक रूप से तैयार कराया जाएगा। वकीलों के काम के लिए मैं हर वक्त मिलूंगा। बार का रुतबा बढ़ाने के लिए काम किए जाएंगे। इससे लोगों को वकील होने पर गर्व होगा।
नौ ब्राह्मण प्रत्याशी से इस बार मैदान में
बार के चुनाव में इस बार नौ ब्राह्मण प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें से चार ब्राह्मण प्रत्याशी जीत गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जो चार ब्राह्मण प्रत्याशी चुनाव जीते हैं, वे चारों ही महत्वपूर्ण पद हैं।
इन्हें इतने वोट मिले
उपाध्यक्ष पद पर नितिन जोशी 454 मत लेकर विजयी घोषित किए गए हैं। उनके प्रतिद्वंदी अजयशंकर तिवारी को 286, प्रमोद शर्मा को 117, तपेश पाठक को 228 वोट मिले। सचिव पद पर प्रकाश चौबे 469 मत लेकर जीते हैं। उनके प्रतिद्वंदी गौरव शर्मा को 302, महेंद्र सोलंकी को 283, लखनराम जाघव को 35 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर अमित उपाध्याय 450 मत लेकर जीते हैं। उनके प्रतिद्वंदी प्रदीप जायसवाल को 366, वीरेंद्र सिंह कुशवाह को 261 वोट मिले। सहसचिव पद पर मुकेश अग्रवाल 476 मत लेकर जीते हैं। उनके प्रतिद्वंदी संजय आंजना को 338, अरविंद शर्मा को 270 वोट मिले। सहसचिव पद पर हेमंत वाडिया 426 मत लेकर जीते हैं। उनके प्रतिद्वंदी मुकेश उपाध्याय को 290, नटवर राठौर को 240, प्रदीप देवतवाल को 120 वोट मिले।

