सिंहस्थ क्षेत्र में कॉलोनी काटनेवाले दो कॉलोनाइजर के मकान तोड़े

उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनाइजर्स के खिलाफ कार्रवाई की बुधवार से शुरूआत कर दी गई है। पहले दिन अवैध रूप से दो कॉलोनियां काटने वाले दो कॉलोनाइजर्स के मकान तोडऩे की कार्रवाई की गई। इन दोनों के खिलाफ नगरनिगम द्वारा पूर्व में एफआईआर भी दर्ज करवाई जा चुकी थी।

सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने वाले कोट मोहल्ला निवासी रफीक पिता वहीद के मकान के उपरी हिस्से को निगम अमले द्वारा ढहा दिया गया। कॉलोनाइजर रफीक ने जूना सोमवारिया इलाके में आशुमाता मंदिर के पिछले हिस्से में सिंहस्थ की जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटे थे। रफीक की कॉलोनी में करीब 35 प्लॉट हैं, इनमें से 20 पर अवैध निर्माण चिन्हित किया गया है। इस मामले में उनके खिलाफ जीवाजीगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई जा चुकी थी। नगर निगम अधिकारियों का तर्क है कि रफीक खान ने 1993 में कोट मोहल्ला में अपने मकान की जी प्लस वन की परमिशन ली थी, जबकि इसके उपर भी निर्माण कर लिया गया। इसी अतिरिक्त निर्माण को बुधवार को तोड़ दिया गया।

दूसरी बड़ी कार्रवाई खिलचीपुर नाके के नजदीक हुई है। आगर रोड 5 नंबर नाके के पास मंगल कॉलोनी काटने वाले गोवर्धन पिता आत्माराम पटेल का खिलचीपुर गांव में स्थित आलीशान घर नगर निगम के अमले ने मशीनों की मदद से खंडहर बना दिया। गोवर्धन पटेल मूलत: किसान है, उन्होंने अपनी खेती की जमीन को टुकड़ो में प्लॉट के रूप में बेच दिया था। उन्हीं की जमीन पर मंगल नगर कॉलोनी बसी हुई है। नगर निगम का अमला पुलिस फोर्स के साथ गोवर्धन पटेल का मकान तोडऩे पहुंचा तो यहां हल्का विरोध भी हुआ। गोवर्धन पटेल के परिवार के सदस्यों ने कार्रवाई में व्यवधान डालने की कोशिश की, हालांकि फोर्स की बड़ी संख्या में मौजूदगी की वजह से वे हल्का विरोध करने के बाद शांत हो गए। नगर निगम की टीम ने घर का सामान बाहर निकलवाया और इसके बाद एस्क्वेटर की मदद से घर की शक्ल बदल डाली। मौके पर घर का ढांचा जरूर खड़ा रहा लेकिन यह घर अब रहने लायक नहीं रह गया है। गोवर्धन पटेल के खिलाफ अवैध रूप से मंगल नगर बसाने के मामले में चिमनगंज मंडी थाने में पूर्व में एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है।

गुंडो के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को मोहन नगर में रहने वाले बदमाश अंकुश सेन का मकान तोडऩे की कार्रवाई शुरू की गई थी। बुधवार को बड़ी मशीनों के जरिए अंकुश का तीन मंजिला मकान पूरी तरह से खंडहर में बदल दिया गया। अंकुश के खिलाफ चिमनगंज मंडी थाने में 15 अपराध दर्ज है।

तीन जोन में 350 से ज्यादा निर्माण चिन्हित

४ कलेक्टर आशीष सिंह ने पिछले सप्ताह ही सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों में 2016 के बाद बने पक्के मकानों का सर्वे करवाया गया है। जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में ऐसे लगभग 350 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए है जो 2016 के बाद किए गए हैं।

४ नगर निगम और राजस्व विभाग की टीमों द्वारा यह सर्वे पूरा कर लिया गया है। बुधवार से सिंहस्थ क्षेत्र में पक्का निर्माण करने वालों को नोटिस जारी करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई।

४ जोन क्रमांक 3 में नृसिंह घाट और भूखी माता इलाके में 43 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए है। इनमें से 20 को कार्यपालन यंत्री पियूष भार्गव द्वारा बुधवार को नोटिस जारी किए गए।

४ जोन क्रमांक 2 में मंगल नगर और गुलमोहर दो कॉलोनियां पूरी तरह से सिंहस्थ की जमीन पर बसी हैं। इन दोनों ही कॉलोनियों में 150 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए है। इनमें से 50 को बुधवार को कार्यपालन यंत्री रामबाबू शर्मा द्वारा नोटिस जारी किए गए।

४ जोन क्रमांक 1 में नगर निगम और राजस्व की टीम ने पिपलीनाका के नजदीक ग्यारसी नगर, भैरवगढ़ रोड पर वीर सावरकर प्याऊ के पास राम नगर और तिलकेश्वर मार्ग पर आशु माता मंदिर के पीछे वाले हिस्से में लगभग 150 ऐसे निर्माण चिन्हित किए है जो सिंहस्थ 2016 के बाद किए गए है। बुधवार को ग्यारसी नगर में 15 मकानों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दुष्कर्म में फरार विधायक पुत्र को हाई कोर्ट से राहत

Wed Sep 29 , 2021
जिला कोर्ट ने 28 तक पेश न होने पर दिए थे संपत्ति कुर्क करने के आदेश, हाई कोर्ट ने आदेश को किया खारिज उज्जैन, अग्निपथ। बडऩगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को हाईकोर्ट ने राहत दी है। जिला न्यायालय द्वारा 28 सितंबर तक कोर्ट के सामने […]