सिंहस्थ की जमीन पर पूर्व पार्षद तान रहे दो मंजिला मकान

मंगल नगर में पीछे बने मकानों को नोटिस, मेन रोड के मकान को बख्शा

उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ क्षेत्र में अप्रैल-मई 2016 के बाद बने मकानों को तोडऩे की जिला प्रशासन की मुहीम एक अवैध निर्माण की वजह से सवालों के घेरे में आ गई है। आगर रोड पर अवैध मंगल नगर कॉलोनी बसाने वाले गोवर्धन पटेल का पक्का मकान प्रशासनिक टीम ने तोड़ दिया है।

इसी मंगल नगर में भाजपा नेता और इलाके के पूर्व पार्षद सिंहस्थ की भूमि पर ही दो मंजिला मकान तान रहे हैं। खास बात यह है कि 350 से ज्यादा अवैध निर्माण चिन्हित करने वाली राजस्व, नगर निगम और पुलिस की टीम को मुख्य मार्ग पर ही किया जा रहा यह निर्माण नजर नहीं आया।

आगर रोड पर मकोडिय़ा आम नाका से खिलचीपुर के बीच की एक पूरी पट्टी ही सिंहस्थ क्षेत्र के रूप में राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। इस भू-भाग पर मुख्य आगर रोड से लेकर पीछे के 80 फीट रोड़ तक मंगल नगर बसा हुआ है। राजस्व रिकार्ड में यह पूरी भूमि सिंहस्थ उपयोग के रूप में दर्ज है। मंगल नगर के मुख्य आगर रोड से सटे भाग में ही सिंहस्थ उपयोग की भूमि पर पूर्व पार्षद और भाजपा नेता पंकज चौधरी द्वारा दो मंजिला मकान का निर्माण किया जा रहा है।

राजस्व रिकार्ड में यह जमीन सिंहस्थ उपयोग के रूप में दर्ज है लिहाजा यहां नगर निगम की भवन अनुज्ञा मिलने का तो प्रश्न ही उठता। यदि नगर निगम से भवन अनुज्ञा जारी भी हुई है तो इसके लिए अनुज्ञा जारी करने वाले अधिकारी दोषी कहलाएंगे।

एक तरफ प्रशासनिक टीम का दावा है कि सिंहस्थ क्षेत्र में केवल उन्हीं निर्माण को चिन्हित किया गया है जो 2016 के बाद किए गए है। भाजपा नेता द्वारा सिंहस्थ की जमीन पर किया जा रहा दो मंजिला मकान का निर्माण तो 2021 का है और अभी इसका काम जारी ही है।

इनका कहना

हमने तो वहीं निर्माण चिन्हित किए है जो 2016 के बाद हुए है। आगर रोड़ पर कुछ हिस्से में पहले से बस्ती है इसलिए उसे आबादी में काउंट कर रखा है। – आलोक चौरे, नायब तहसीलदार

हमें तो राजस्व अमले से जो रिपोर्ट मिली, उसी के आधार पर मकान वालों को नोटिस जारी किए हैं। आप जिस भवन की जानकारी दे रहे हैं, उसकी अनुज्ञा जारी हुई है या नहीं, यह जांच करवाता हूं।
– रामबाबू शर्मा, कार्यपालन यंत्री नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बोहरा व्यापारी पर हमला करने वाले बदमाश का मकान तोड़ा

Mon Oct 4 , 2021
रासुका में है बंद, गुंडा अभियान में आठवीं कार्रवाई उज्जैन, अग्निपथ। कूलर व्यापारी बोहरा भाइयों पर जानलेवा हमला करने वाले बदमाश का मकान गुंडा अभियान में सोमवार को जमीदोंज कर दिया गया। बदमाश को पुलिस पहले ही रासुका में जेल भेज चुकी है। पुलिस द्वारा गुंडे-बदमाशों के अवैध और बिना […]

Breaking News