लूट पर उतरी बिजली वितरण कंपनी, रीडिंग के साथ एवरेज यूनिट भी जोड़े

Bijali bill cartoon

स्मार्ट मीटर नहीं लगाया तो बढ़ा हुआ बिल पहुंचाया

उज्जैन, अग्निपथ। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए बिजली वितरण कंपनी अब लूट-खसौट पर उतर आई है। जिन लोगों ने अपने घर या दुकान पर स्मार्ट मीटर नहीं लगवाए हैं उनके बिल में रीडिंग के साथ ही अतिरिक्त एवरेज यूनिट की रकम जोड़ी जा रही है। नतीजा यह हुआ कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल 200 से 300 रूपए आना था उनके यहां 1500 से 2 हजार रुपए के बिजली बिल भेज दिए गए हैं।

तेलीवाड़ा इलाके में रहने वाले राकेश सिंह की शिखर इलेक्ट्रिकल के नाम से दुकान है। पिछले पूरे महीने यह दुकान अधिकांश समय बंद ही रही। 18 सितंबर को दुकान के बाहर लगे मीटर की रीडिंग ली गई और पिछले दिनों उनके यहां बिजली बिल भेजा गया। राकेश सिंह ने बिल देखा तो चौंक गए। बिजली वितरण कंपनी ने उन्हें 1539 रूपए का बिल भेज दिया था। बिल की ठीक से जांच की तो पता चला कि बिल में महज 38 ही रीडिंग दर्ज है।

इसी बिल में 38 रीडिंग के अलावा 222 एवरेज रीडिंग की रकम भी जोडक़र बिल को 1539 रूपए का बिना दिया गया था। गुरुवार को राकेश सिंह बिल में सुधार कराने के लिए कार्तिक मेला मैदान स्थित जोन कार्यालय पर पहुंचे।

यहां अभिषेक गुप्ता नामक कर्मचारी मिला। इस कर्मचारी ने बिल में संशोधन से साफ मना कर दिया। गुप्ता का कहना था कि उन्हें उपर से ही निर्देश है कि जिन लोगों के यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगे है, उनके बिल में रीडिंग और एवरेज दोनों की तरह की राशि जोडक़र वसूली जाए।

पूरे इलाके में यहीं स्थिति

इलेक्ट्रिकल दुकान संचालक राकेश सिंह को जिस तरह से एवरेज और रीडिंग का संयुक्त बिल भेजा गया ठीक वैसे ही बिल तेलीवाड़ा इलाके में और भी कई लोगों को भेजे गए हैं। बिलों में संशोधन कराने जोन कार्यालय पहुंच रहे लोगों को भी यहीं जवाब मिला है कि जब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाएंगे तब तक बिल ऐसे ही आते रहेंगे।

इनका कहना

हम एवरेज और वास्तविक यूनिट के बिल ऐसी जगहों पर भेज रहे है जहां मीटर को बायपास कर बिजली के उपयोग की आशंका है। ऐसी जगहों पर चोरी के केस भी बनाए जा रहे हैं। यदि उपभोक्ताओं के यहां ऐसी कोई स्थिति नहीं है तो उनके बिलों में संशोधन किया जाएगा। – राजीव पटेल, कार्यपालन यंत्री वेस्ट जोन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

साड़ी और चप्पल देख कुए में खोजा तो मां, बेटी-बेटे की लाश मिली

Thu Oct 7 , 2021
बदनावर, अग्निपथ। ग्राम पंचायत सांगवी के ग्राम हरकाझर में एक महिला तथा उसके दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का नाम डॉली पति हटेसिंह बंजारा (35) तथा उसका आठ वर्षीय पुत्र सुनील व चार वर्षीय पुत्री नंदिनी बताए गए है। दोपहर में जब खेतों पर मजदूरी […]
डूबा

Breaking News