तीन माह की बेटी को मारने की वजह क्या? आरोपी मां रिमांड पर

पति का शक या बेटे की चाह तो नहीं बनी मासूम की मौत का कारण

उज्जैन,अग्निपथ। अपनी तीन माह की मासूम बेटी की नृशंस तरीके से हत्या की वजह क्या..? पति का शक या बेटे की चाह..? खाचरौद में हुई इस घटना में पुलिस ने मां को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन घटना का कारण पता नहीं लग सका। यही वजह है पुलिस ने आरोपिया को शनिवार दोपहर कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया है।

सर्वविदित है खाचरौद के स्टेशन रोड निवासी अर्पित भटेवरा की तीन माह की पुत्री विरति की 12 अक्टूबर को घर की तीसरी मंजिल पर स्थित पानी की टंकी में डुबोकर हत्या कर दी गई थी। मामले में शुक्रवार को पुलिस ने विरति की मां स्वाति (28) को गिरफ्तार किया था। बताया कि स्वाति ने गुगल पर बच्चे को मारने की तरीके सर्च किए और घटना के समय वह घर में थी। लेकिन यह पता नहीं लग सका कि स्वाति ने अपनी ही बेटी की हत्या क्यों की। यही पता लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार को स्वाति को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रविवार तक रिमांड पर लिया है। पुलिस रिकार्ड अनुसार स्वाति का मायका मंदसौर के पिपलिया मंडी में है। बी फार्मा करने के बाद उसकी फरवरी 2019 में अर्पित से शादी हुई थी। विरति उनकी पहली संतान है।

यह हो सकता है कारण

पुलिस सूत्रों की माने तो स्वाति हत्या का कारण नहीं बता रही। लेकिन आंशिक संभावना है कि स्वाति ने मायके से गर्भवती होने की सूचना पति अर्पित को दी थी और अर्पित को शक था कि बेटी उसकी नहीं है। यह भी शंका है कि कहीं स्वाति लडक़ा चाहती थी और लडक़ी होने पर वह उसकी उपेक्षा करने लगी थी। हालांकि जांच के बाद कारण स्पष्ट हो सकेगा।

ऐसे रची थी साजिश

पुलिस सूत्रों के अनुसार स्वाति को 7 अक्टूबर को अर्पित ने मोबाइल दिलाया था। मोबाइल हाथ में आते ही स्वाति ने गुगल पर अकाउंट बनाया और तीन दिन गुगल पर बच्चे की हत्या के तरीके खोजे। वह तलाशती रही कि बिना तकलीफ बच्चें की कैसे हत्या की जाए। कैसे मौत के बाद कोई निशान और पीएम रिपोर्ट में हत्या करना न आए।

इनका कहना

अपनी ही बेटी की हत्या आरोपिया ने क्यों की यह पता नहीं चल सका है। वजह जानने के लिए आरोपिया को रिमांड पर लिया है। -रवींद्र यादव, थाना प्रभारी थाना खाचरौद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बैंक प्रबंधक ने 16 लाख रुपए गबन कर बेटे के खाते में ट्रांसफर किए, 10 साल कैद की सजा

Sat Oct 23 , 2021
तीन अन्य धाराओं में तीन से सात साल तक का सश्रम कारावास देवास, अग्निपथ। 16 लाख रुपए से ज्यादा के गबन के मामले में कोर्ट ने एक बैंक प्रबंधक को 10 साल कैद की सजा सुनाई है। आरोपी ने अवैधानिक तरीके से यह राशि अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर […]

Breaking News