प्रतिबंध के बावजूद ओह मॉय गॉड-2 की टीम ने नंदीहाल में की शूटिंग

OMG-2 Banner

संध्या आरती के बाद हारमोनियम-तबले सहित पहुंचे आर्टिस्ट, आज भस्मारती में भी करेंगे शूटिंग

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को लगता है कि तगड़ी खातिरदारी करने के निर्देश वल्लभ भवन से दिए गए हैं। तभी तो मंदिर की जिन जगहों पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक को जाने की इजाजत नहीं दी गई। वहां पर ओह मॉय गॉड 2 की पूरी प्रोडक्शन टीम को शूटिंग करने की इजाजत दे दी गई।

मंगलवार को संध्या आरती के बाद नंदीहाल में प्रोडक्शन टीम द्वारा ओह मॉय गॉड 2 फिल्म की शूटिंग की गई। वहीं बुधवार सुबह होने वाली भस्मारती में भी शूटिंग के चलते मंदिर प्रशासन द्वारा आनलाइन बुकिंग करवाने वाले श्रद्धालुओं की बुकिंग निरस्त करने की कवायद की गई। हालांकि भूल का एहसास होने पर मंदिर प्रशासन ने पुन: श्रद्धालुओं को भस्मारती में शामिल होने की अनुमति प्रदान कर दी।

जानकारी के अनुसार संध्या आरती के बाद फिल्म की आर्टिस्टों को शूटिंग के लिए नंदीहाल में जाने दिया गया। यहां पर हारमोनियम तबले के साथ आर्टिस्ट पहुंचे और शूटिंग की। बताया जाता है कि इस दौरान श्रद्धालुओं को भी काफी कम संख्या में दर्शन के लिए छोड़ा जाता रहा। यहां तक कि मंदिर के कर्मचारियों को भी गणपति मंडपम तक जाने की इजाजत नहीं थी। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि नंदीहाल में जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक को जाने नहीं दिया गया और उनको गणपति मंडपम की रैलिंग से दर्शन कराए गए। वहीं ओह मॉय गॉड 2 के आर्टिस्टों को प्रतिबंधित क्षेत्र नंदीहाल में शूटिंग करने की इजाजत दे दी गई।

फोन पर भस्मारती बुकिंग की निरस्त

महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार सुबह भस्मारती की शूटिंग की जाना है। इसके चलते पूर्व से भस्म आरती ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं को फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात को होने वाले भस्म आरती में अपरिहार्य कारणों से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

हालांकि मामला संज्ञान में आने के बाद मंदिर प्रशासन ने पुन: उन्हें श्रद्धालुओं को फोन लगाकर कहा की भस्म आरती यथावत हो रही है। आप मंदिर आ सकते हैं। इधर मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ का कहना है कि एक भी श्रद्धालु की भस्म आरती अनुमति निरस्त नहीं की गई है। उनको यथावत प्रवेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गांजा तस्कर को पांच साल कैद की सजा

Tue Oct 26 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। साढ़े 15 किलो गांजे के साथ पकड़ाये तस्कर को 6 साल बाद न्यायालय ने मंगलवार को पांच साल कैद की सजा सुनाई है। सजा के साथ 25 हजार के जुर्माने किया है। उपसंचालक (अभियोजन) डॉ. साकेत व्यास ने बताया कि 17 मार्च 2015 में महाकाल थाना पुलिस ने […]

Breaking News