स्टेट बैंक में गोल्ड लोन के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाला

Shajapur me Sbi Gold loan ghotala

ग्राहकों को नकली सोना लौटा रहे बैंक, थाने पर हुई धोखाधड़ी की शिकायत

शाजापुर, अग्निपथ। शहर की भारतीय स्टेट बैंक की तीन शाखाओं में गोल्ड लोन के नाम पर एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें बैंकों में असली के नाम पर नकली सोना रखकर करोड़ों रुपए का खेल खेला गया है। इस पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों के साथ ही वेल्यूअर की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है।

मामला सामने आने के बाद से बैंक वेल्यूअर शाखा प्रबंधकों का मोबाइल नहीं उठा रहा है और वह गायब बताया जा रहा है। बैंक स्तर पर की गई प्रारंभिक जांच में तीनों शखाओं में करीब दो करोड़ रुपये से ज्यादा का नकली सोना गोल्ड लोन के नाम पर असली बनाकर रखने की बात सामने आ रही है।

बैंक में गोल्ड लोन के नाम पर हुई धोखाधड़ी उजागर होने पर ग्राहक बैंक पहुंचकर अपनी रकम मांग रहे हैं, लेकिन उन्हे बैंक द्वारा कोई ओर ही रकम थमाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे परेशान होकर ग्राहक विजय राठौर ने कोतवाली थाने में शिकायत की है। विजय का कहना है कि उसने 266 ग्राम सोना वर्ष 2018 में भारतीय स्टेट बैंक में गिरवी रखकर लोन लिया था। दीपावली पर्व पर पूजन के लिए आभूषणों की जरूरत होने पर उसने ब्याज सहित गिरवी रखे सोने की रकम 7 लाख 40 हजार रुपए जमा कर दी, किंतु बैंक उसे किसी अन्य के जेवर थमाने का प्रयास कर रही है।

साथ ही जेवर नहीं लेने पर शाखा प्रबंधक द्वारा जालसाजी के प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जा रही है। विजय ने बुधवार को थाने पर दिए आवेदन में बताया कि बैंक द्वारा अपने वेल्यूर श्री लक्ष्मी ज्वेलर्स कसेरा बाजार से सत्यापन कराने के बाद ही उसका सोना गिरवी रखकर लोन दिया था, लेकिन अब बैंक के अधिकारी रुपया जमा करने के बाद भी गिरवी रखे गए आभूषण देने की बजाय किसी और के नकली आभूषण थमा रहे हैं। साथ ही झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

दूसरे ग्राहक नवीनसिंह निवासी बोलाई का कहना है कि उसने भी स्टेट बैंक में करीब २०० ग्राम सोना रखकर 15 लाख रुपए का ऋण लिया था। बैंक द्वारा सोने का अपने वेल्यूअर से सत्यापन कराने के बाद ऋण स्वीकृत किया गया था, किंतु अब बैंक द्वारा सोने को नकली बताकर रुपयों की मांग की जा रही है। नवीन का कहना है कि उसनेे जो सोना बैंक में रखा था वह उसे लौटाया जाए, इसके बाद वह रुपया जमा करेगा।

बैंक स्टाफ की भूमिका संदेहास्पद

ग्राहक नवीनसिंह और विजय राठौर का कहना है कि उनके सोने का बैंक द्वारा अपने वेल्यूअर से सत्यापन कराया गया था और सोना असली होने के बाद ही ऋण स्वीकृत किया गया था। अब बैंक उक्त सोने का नकली बता रही है। इधर सूत्रों की मानें तो बैंक में पांच लाख रुपये से ज्यादा के गोल्ड लोन पर दो वेल्यूअर सोने का मूल्यांकन करते हैं, परंतु यहां बैंक प्रबंधन ने एक वेल्यूअर से ही सोने का वेल्यूएशन करवा लिया। अब बैंक प्रबंधन के पास भी इन बातों का कोई जवाब नहीं है।

तीन शाखाओं में हुआ घोटाला

शाजापुर शहर में भारतीय स्टेट बैंक की तीन शाखाएं हैं जिसमें एबी रोड स्थित मुख्य शाखा, चौक बाजार में चौक बाजार शाखा एवं टंकी चौराहे पर मगरिया शाखा स्थित है। इन तीनों ही बैंकों का एक ही वेल्यूअर था, यही वेल्यूअर बैंक में गोल्ड लोन के समय तस्दीक कर रिपोर्ट देता था कि सोना कितने कैरेट का है और इसी रिपोर्ट के आधार पर बैंक ग्राहकों को लोन देती है। बताया जा रहा है कि फिलहाल वेल्यूअर गायब है और अधिकारियों के पास इसको लेकर कोई जवाब नही है।

इनका कहना है

भारतीय स्टेट बैंक शाखा में गोल्ड लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने की शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -रविता चौधरी, एसआई थाना कोतवाली शाजापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

11 केवी विद्युत लाइन की चपेट आने से छत पर सोयाबीन सूखा रहा वृद्ध झुलसा

Wed Nov 3 , 2021
विद्युत लाइन हटाने को लेकर पूर्व में कई बार दिए आवेदन बेरछा, अग्निपथ। घर की छत से गुजर रही बिजली लाइन हटाने की कई बार कंपनी से लगाई घर मालिक की अनसुनी गुहार ने आखिरकार एक बुजुर्ग की जान पर बन आई। बुधवार दोपहर छत पर सोयबीन सूखा रहे किसान […]
berchha bijali tar

Breaking News