स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए जल्द आंदोलन शुरू करने पर बनी कांग्रेस में सहमति

उज्जैन में कांग्रेस का सदस्यता अभियान तेज गति से जल्द शुरू किया जाना चाहिए : भाटी

उज्जैन, अग्निपथ। शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक का आयोजन सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में किया गया था। इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने स्थानीय समस्याओं महंगाई, सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण तोडऩे में भेदभाव, गरीबों को भाजपा नेताओं के इशारे पर बेघर करने, टाटा द्वारा पूरे शहर को खोदने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किए जाने जैसी तमाम समस्याओं के लिए आंदोलन और रैली निकालने पर सहमति बनी।

बैठक में कार्यकारी शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा, एक नवंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सदस्यता अभियान शुरू किया है। इसमें उन्होंने प्रदेश में पचास लाख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर कांग्रेस को जो लक्ष्य दिया गया है, उसे पाने के लिए उज्जैन में भी इस अभियान को तेज गति से शुरू करना चाहिए। नए सदस्य बनाकर प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मंशा को पूरा करने की दिशा में काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आम लोग महंगाई, सिंहस्थ भूमि में अतिक्रमण के नाम से मकान तोडऩे से भयभीत हैं। भाजपा नेताओं के इशारे में किसी भी व्यक्ति के घर को प्रशासन के लोग अतिक्रमण और सिंहस्थ भूमि में बना बताकर तोडऩे पहुंच रहे हैं। इस सरकारी गुंडागर्दी को रोकने के लिए जनता को साथ लेकर पूरी कांग्रेस को आगे आना होगा। जहां भी अतिक्रमण तोडऩे पहुंचे वहां तत्काल ही 3 हजार से 4 हजार लोग एकत्र करके शांतिपूर्वक प्रदर्शन करके भाजपा सरकार और सरकारी गुंडागर्दी को रोका जाए। इसकी रणनीति बनाकर टास्क फोस बनाई जाए। जो लोगों की मदद के लिए तत्काल सक्रिय हो जाए।

कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने कहा, हर ब्लाक और चौराहे पर जनता की समस्या के निराकरण के लिए आंदोलन करना चाहिए। ताकि आम लोगों की समस्या की तरफ भाजपा की गूंगी,बहरी सरकार का ध्यान जाए और भाजपा के एजेंट के रूप में काम करने वाले अफसरों की नींद खुले।

वहीं ब्लाक अध्यक्ष तबरेज खान ने कहा, आम लोगों की समस्या को उठाकर उसके समाधान के लिए सरकार को मजबूर करने से कांग्रेस का जनाधार बढ़ेगा, लोगों का कांग्रेस पर विश्वास बढ़ेगा। संगठन की योजना पर ब्लाक के लोग मिलकर काम करेंगे। महेश सोनी, नाना तिलकर, अशोक उदयवाल, रवि भदौरिया, उत्तम जायसवाल, श्रवण शर्मा, मुजीब कुरैशी, गब्बर कुवाल, हेमंत गोमे आदि ने भी अपने सुझाव रखे। इस दौरान तय किया गया कि मंहगाई, सिंहस्थ क्षेत्र में मकान तोडऩे, नेहरू की जंयती पर आंदोलन की रूपरेखा वरिष्ठ नेता मिलकर बनाएंगे। 14 नंवबर से पहले रैली और आंदोलन किया जाएगा।

Next Post

व्यापारी सम्मान समारोह और मुहूर्त के सौदे हुए

Mon Nov 8 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। दौलतगंज होलसेल किराना एसोसिएशन का दीपावली मिलन व मुहूर्त के सौदे सोमवार को हुए। इस अवसर पर मंत्री मोहन यादव, विधायक पारस जैन, सांसद अनिल फिरोजिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी चंद्रप्रकाश जैन, तीरथदास रामलानी, दलाल सत्यनारायण खंडेलवाल का अतिथियों ने सम्मान […]