19 से लगेगा कार्तिक मेला

जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद फैसला, एक-दो दिन में जारी होंगे आदेश

उज्जैन,अग्निपथ। कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले साल नहीं लग सके कार्तिक मेले को लेकर स्थिति बहुत हद तक साफ हो गई है। कार्तिक पूर्णिमा से शिप्रा तट पर कार्तिक मेला लगेगा। अगले एक या दो दिन में इसके आयोजन संबंधी आदेश जारी हो सकते हंै। कार्तिक पूर्णिमा 19 नवंबर को आएगी। इसके अलावा सिद्धवट पर लगने वाले मेले को लेकर स्थिति अब तक साफ नहीं हो सकी है।

बुधवार को सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन और कलेक्टर आशीष सिंह वैक्सीनेशन से जुड़े अभियान कुंडी खडक़ाओं में साथ-साथ थे। इसी दौरान कार्तिक मेले के आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर आशीष सिंह से बातचीत की। इस बातचीत के बाद विधायक और पूर्व मंत्री पारस जैन ने बताया कि कलेक्टर आशीष सिंह को यह बता दिया गया है कि कार्तिक पूर्णिमा से कार्तिक मेले की शुरूआत होगी। इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं जुटाना शुरू कर दिया जाए।

सांसद अनिल फिरोजिया भी दो दिन पहले भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले थे। इंदौर मेट्रो परियोजना में उज्जैन को शामिल करने का मांग पत्र लेकर भोपाल पहुंचे सांसद फिरोजिया ने कार्तिक मेले के आयोजन को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से हरीझंडी मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर आशीष सिंह से चर्चा की गई।

पशु मेले के लिए नहीं जारी हुए आदेश

कार्तिक मेला कार्तिक महीने की पूर्णिमा से शुरू होता है, कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 19 नवंबर को है। इसके 4 दिन पहले यानि एकादशी से बडऩगर रोड़ पर पशु मेले का आयोजन भी शुरू हो जाता है। एकादशी 15 नवंबर को है। नगर निगम से पशु मेले के आयोजन के लिए बुधवार शाम तक किसी तरह के आदेश जारी नहीं हो सके थे। जनप्रतिनिधियों की माने तो कार्तिक मेले की तरह ही पशु मेले का आयोजन भी होगा।

दो साल पुराने रेट पर कराना होगा काम

कार्तिक मेले के आयोजन के लिए नगर निगम को हर बार लाइट, टेंट, दुकानों को बनवाने आदि के टेंडर आमंत्रित करने होते है। मेले के आयोजन में अब कम ही दिन बचे है लिहाजा टेंडर प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल है। कार्तिक पूर्णिमा से मेले की शुरूआत करने के लिए साल 2019 के टेंडर रेट पर ही पहले काम कर चुके ठेकेदारों से लाइट, टेंट और दुकानों के काम करवाना होंगे।

इनका कहना

मैंने और सांसद जी ने बुधवार को कलेक्टर आशीष सिंह से मेले के आयोजन को लेकर बात की है। कार्तिक मेला तय समय पर लगेगा, एक दो दिन में इसके लिए आदेश जारी हो जाएंगे। – पारस जैन, विधायक उज्जैन उत्तर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन होने पर उल्लंघनकर्ता के घर भेजे जा रहे हैं ई-चालान

Wed Nov 10 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रोजेक्ट आईटीएमए के तहत शहर के वभिन्न चौराहों पर स्मार्ट कैमरों द्वारा सभी वाहनों पर नजऱ रखी जा रही है। ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन होने पर उल्लंघनकर्ता के घर ई-चालान भेजे जा रहे हैं। ई-चालान को 15 दिन की अवधि में भरना अनिवार्य है। अगर […]

Breaking News