कमिश्नर ने लोगों से पूछा-कल्लू को जानते हो

Nigam aayukt nirikshan 11112021

शास्त्रीनगर, सिंधी कॉलोनी में की सफाईकर्मियों की गिनती, मेट से कहा- शाबाश

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता द्वारा गुरूवार सुबह आकस्मिक रूप से सफाईकर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। आयुक्त के इस स्टिंग की नगर निगम में भी पूरे दिन खासी चर्चा रही। करीब डेढ़ घंटे तक 46 नंबर वार्ड की गली-गली में घूमकर उन्होंने हर एक सफाईकर्मी की उपस्थिति जांची। गलियों में घूमने के दौरान मेट पर पहले नाराज हुए फिर जाते-जाते उसे शाबाशी भी दे गए।

सुबह करीब 8 बजे आयुक्त अंशुल गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त संजेश गुप्ता को अपने पास बुलाया, फिर उन्हीं की गाड़ी में आगे की सीट पर बैठे। आयुक्त ने कहा मुझे वार्ड 46 में सफाईकर्मियों की जांच करना है। तीन बत्ती चौराहे पर पहुंचकर वार्ड के मेट कल्लू खोड़े को बुलाया गया। मेट की मोटरसाइकिल खड़ी करवाई और उसे भी गाड़ी में बैठा लिया। आयुक्त ने मेट से सवाल किया- वार्ड में कितने सफाईकर्मी हैं। जवाब मिला- सर 30 है, इनमें से 9 अनुपस्थित है, 21 काम कर रहे हैं।

आयुक्त ने निर्देश दिए- मुझे सभी की गिनती करना है, चलो गिनती कराओ। आयुक्त के पास वाली सीट पर बैठा मेट कल्लू खोड़े थर्राता रहा। एक गली घुमाई, दूसरी गली में ले गया। अलखधाम से विवेकानंद कॉलोनी, विवेकानंद से सिंधी कालोनी में घूमने के दौरान गाड़ी में ही कई बार कल्लू खोड़े को आयुक्त की फटकार मिली।

सुबह 8 बजे से शुरू हुआ दौरा 9.30 बजे तक चलता रहा। आखिरकार वार्ड 46 में सभी 21 सफाईकर्मियों की गिनती पूरी हो गई। बीच-बीच में जहां कहीं गाड़ी रूकती खुद आयुक्त ने लोगों से सवाल किया- क्या आप कल्लू खोड़े को जानते हैं।

ज्यादातर जगह जवाब मिला-हां हमारे इलाके के मेट है, आपके साथ खड़े हैं वे ही कल्लू खोड़े हैं। लगातार डेढ़ घंटे के दौरे में जिस मेट को गाड़ी में कई बार फटकार मिली, दौरा खत्म होते-होते आयुक्त अंशुल गुप्ता ने उसकी खूब प्रसंशा की, शाबाशी देकर वापस लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

फतेहाबाद रेलवे ट्रेक पर 80 की स्पीड से दौड़ी मेमू ट्रेन

Thu Nov 11 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन-फतेहाबाद रेलवे ट्रेक को शुरू करने की तारीख तय होने के बाद रेलवे के स्तर पर तैयारिया तेज कर दी गई है। गुरूवार को रेलवे ने रतलाम से फतेहाबाद के रास्ते उज्जैन तक मैनलाईन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट(मेमू) ट्रेन का ट्रायल किया गया। इस ट्रेन को रतलाम से उज्जैन […]

Breaking News