युवक को बाइक सहित जिंदा जलाकर मार डाला, घायल साथी शंका के घेरे में

जिला अस्पताल में मृतक के परिजनों के बयान लेते पुलिस अधिकारी।

रात 10.30 बजे हुई घटना, एक दोस्त झूलसा, दूसरा चोटिल; दोनों पर हत्या का आरोप लगाया

उज्जैन, अग्निपथ। उन्हेल रोड पर देर रात विभत्स घटना हुई। यहां एक युवक को बाइक सहित जिंदा जला दिया और उसका एक साथी भी झूलसा है, जबकि दूसरे को चोट लगी है। खास बात यह है कि दोनों बयान बदलते रहने के कारण शंका के घेरे में है। शनिवार सुबह घटना का पता चलने के बाद मृतक के परिजनों ने भी दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। मामले में भैरवगढ़ पुलिस जांच कर रही है।

मृतक गोपी
मृतक गोपी

शहर से करीब 25 किमी दूर उन्हेल रोड स्थित ग्राम बांसखेड़ी में शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे पुलिस को एक युवक व बाइक पूरी तरह से जली हालत में मिला। मौके पर महिदपुर के ग्राम चिरन्या का अंतर पिता लालजी वानिया भी झूलसा और उसका चचेरा भाई जीवन पिता बगदीराम वानिया सिर पर चोट लगी हालत में मिले। दोनों ने अपने नाम बताए, लेकिन मृतक को पहचाने से इंकार कर दिया।

पुलिस ने तीनों को 108 एंबूलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां जीवन व अंतर को भर्ती कर खाक हो चुके शव को मरर्चूरी में रख जांच शुरू की। खोजबीन में पता चला मृतक ग्राम चिरन्या के पूर्व सरपंच अंबाराम का पुत्र गोपी बागरी (35) है। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने भी शव देख उसकी शिनाख्त की। बाद में डाक्टर्स की पैनल ने पोस्टमार्टम किया।

हादसे की थी सूचना

सीएसपी एआर नेगी ने बताया कि रात करीब 11.15 बजे किसी ने कॉल किया कि ग्राम बांसखेड़ी में दुर्घटना हो गई है। सूचना पर भैरवगढ़ थाने के एएसआई, आरक्षक व गश्त कर रही सीएसपी वंदना चौहान मौके पर पहुंची। घायलों ने उन्हेें नाम-पता बताया, लेकिन घटना को लेकर सही जानकारी नहीं दे सके।

इस पर उन्होंने शव व घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया। बाद में मृतक का नाम पता चल गया। बाद में वह भी पहुंच गए। रात में ही एफएसएल अधिकारी प्रीति गायकवाड़ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

चचेरे भाई ने लगाया घायलों पर आरोप

शनिवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे गोपी के चचेरे भाई सोहन बोड़ाना ने बताया कि शाम करीब 7 बजे अंतर व जीवन गोपी को बुलाकर ले गए। गांव से ही शराब लेकर दोनों ने पी। रात तक गोपी के नहीं आने पर तलाशा, लेकिन पता नहीं चला।

सुबह चौकीदार से मौत की सूचना मिली। जबकि अंतर व जीवन के परिजनों को रात को ही घटना का पता चल गया था। बोड़ाना ने कहा कि जीवन के जमीन विवाद में गोपी के पिता ने खिलाफ गवाही दी थी वहीं दोनों में पूर्व में विवाद हुआ था। संभवत: इसीलिए दोनों ने गोपी की हत्या की है।

बदलते रहे बयान

जीवन ने बताया वह और अंतर शादी से लौटते समय ठंड लगने पर तापने के लिए रुके। इसी दौरान दो-तीन लोगों ने हमला कर दिया। पीठ व सिर पर चोट लगने से बेहोश हो गया। होश आने पर आग देखी। अंतर तापते हुए झूलसा। पहले गोपी के साथ होने से इंकार किया।

दूसरी बार जली बाइक उसकी नहीं होना बताते हुए दूसरी बाइक से आने का कहा। बोला कि गोपी को लेकर शादी में गए थे। लौटते समय दुर्घटना होने पर खड्डे में गिरने से बाइक में आग लगने से गोपी झूलस गया। उसने अतंर का पैर कैमिकल से जलना बताया। अंतर ने भी उसके बयान दोहरा दिए।

संभवत: ऐसे हुई घटना

पुलिस का मानना है कि तीनों शराब पीकर शादी में भोजन कर निकले और पांच किलोमीटर दूर सुनसान में किसी बहाने से जीवन व अंतर रुके। यहां उन्होंने नशे की गिरफ्त में आ चुके गोपी को पेट्रोल डालकर जलाया। आग लगाने के दौरान ही अंतर झूलसा होगा और बचने के लिए सिर पर चोट का तरीका अपनाया होगा।

यह है शंका की वजह

  • गोपी के साथ में गांव से निकलने की पुष्टी हुई।
  • जीवन के पीठ पर चोंट के निशान नहीं मिले।
  • जली हुई बाइक जीवन के नाम निकली।
  • दोनों के परिजनों को रात को घटना का कैसे पता चला।
  • जीवन के बताए अनुसार मौके पर दूसरी बाइक नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

क्षिप्रा तट पर संतों ने किया भजन शासन को सद्बुद्धि की प्रार्थना

Sat Dec 11 , 2021
अन्न छोडऩे वाले संत अस्पताल में इलाज लेने के बाद आश्रम लौटे उज्जैन, अग्निपथ। शिप्रा शुद्धिकरण की मांग को लेकर दत्त अखाड़ा घाट पर शहर के साधु-संतो द्वारा दिए जा रहे धरने के तीसरे दिन संतजनों ने शासन को सद्बुद्धि प्रदान करने के लिए भगवान से प्रार्थना की। संतजनों ने […]
Shipra Shuddhikaran baithak 11122021

Breaking News