भेदभाव: पुजारियों को छोड़ा, गर्भगृह निरीक्षक का किया निलंबन

दानदाता 12 हजार रुपए डाल रहा था दान पेटी में, सीसीटीवी फुटेज भी देखे

उज्जैन अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में रुपए लेने के मामले में मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह निरीक्षक को तो निलंबित कर दिया है। लेकिन मामले में दो पुजारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। जिसमें उनके द्वारा आपस में 12 हजार रुपए में से 6-6 हजार रुपए बांट लिए गए थे। ऐसे में इसमें पुजारियों की मिलीभगत भी थी। लेकिन मंदिर प्रशासन ने उनको कार्रवाई किए बगैर छोड़ दिया।

महाकालेश्वर मंदिर में भीड़ बढऩे के दौरान किस प्रकार की हीन हरकतों को अंजाम मंदिर के कर्मचारियों और पुजारियों द्वारा दिया जाता है। इसकी बानगी रविवार की दोपहर 12 बजे गर्भगृह में देखने में आई। मामला इस प्रकार है- 1500 रुपए की रसीद कटवा कर एक श्रद्धालु गर्भगृह में अभिषेक करने पहुंचा। यहां पर उसने श्रद्धा से वशीभूत होकर 12 हजार रुपए का दान मंदिर की दानपेटी में डालने का प्रयास किया।

लेकिन इस दौरान गर्भगृह निरीक्षक कमल जोशी ने उसका यह दान वहां पर मौजूद दो पुजारियों इंदौर गुरु और संजय गुरु को दिला दिया। तीनों की आपसी मिलीभगत से श्रद्धालु को ठग लिया गया। श्रद्धालु को अपने साथ हुई इस ठगी से ठेस पहुंची और उसने मंदिर प्रशासन से इसकी शिकायत कर दी।

सीसीटीवी फुटेज देख कर कार्रवाई

मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ के पास जब यह शिकायत पहुंची तो उन्होंने उस वक्त के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए। जिसमें गर्भगृह निरीक्षक कमल जोशी दोनों पुजारियों को 12 हजार रुपए दिलाता दिखाई दिया। बाद में गर्भगृह निरीक्षक को बुलाया गया तो वह अपने कृत्य पर बगले झांकने लगा। ज्ञातव्य रहे कि कमल जोशी की ड्यूटी अन्यत्र लगी हुई है। लेकिन आवश्यकता पडऩे पर उसकी ड्यूटी गर्भगृह में लगाई गई थी।

पुजारियों पर हो कार्रवाई

हालांकि मंदिर प्रशासन ने कर्मचारी पर तो कार्रवाई कर दी। लेकिन इस मामले में भागीदार बने दोनों पुजारियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की। जबकि दोनों को भी मंदिर के नियमों की जानकारी है। ऐसे में मंदिर कर्मचारियों में इस बात की चर्चा चलती रही कि आखिरकार पुजारियों को मंदिर प्रशासन ने नोटिस देना तक उचित नहीं समझा। जबकि दोनों पुजारियों द्वारा श्रद्धालुओं को ठगने में बराबर का सहयोग रहा। बताया जाता है कि दोनों पुजारियों ने आधे आधे पैसे बांट लिए थे। जिसमें से गर्भगृह निरीक्षक को भी हिस्सा मिलता।

नंदीहाल निरीक्षक भी नपा

इसी दिन एक दूसरा मामला भी हुआ जब नंदीहाल में तैनात निरीक्षक मुकेश गुजराती श्रद्धालुओं से 10-10 रुपए लेता सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। मंदिर प्रशासन ने उसको भी नोटिस जारी कर निलंबित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

70 मीटर चौड़ीकरण का मुद्दा जाएगा सीएम के पास

Mon Dec 27 , 2021
विहिप ने मुलाकात के लिए समय मांगा, रहवासियों की मांग चौड़ीकरण करे पर उजाड़े नहीं उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर के सामने वाले हिस्से में 70 मीटर क्षेत्र को रिक्त कर उसे मंदिर परिसर में मिलाने की कार्ययोजना का मुद्दा जल्द ही सीएम शिवराज सिंह चौहान के पास दोबारा जा सकता […]

Breaking News