धर्मशाला में घुसकर किया छात्रों पर जानलेवा हमला

मारपीट का सामने आया फुटेज, 25 पर केस दर्ज

उज्जैन, अग्निपथ। बिलोटीपुरा में दांगी समाज की धर्मशाला में ठहरे छात्रों पर हुए हमले के 2 दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को 5 नामजद और 20-25 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मारपीट का वीडियो सामने आने और समाजजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे ज्ञापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरु की है।

जीवाजीगंज क्षेत्र के दानीगेट स्थित बिलोटीपुरा में क्षत्रिय दांगी समाज की धर्मशाला बनी हुई है। जहां से छात्रावास संचालित किया जाता है। प्रदेश से कई बच्चे यहां रहकर अध्ययन कर रहे है। 25-26 दिसंबर की रात धर्मशाला के आसपास रहने वाले 25-30 वर्ग विशेष के बदमाश धर्मशाला के अंदर घुस गये और छात्र नारायण पिता गोपाल दांगी (20) निवासी भोपावर सरदापुर धार पर तेज आवाज में बातचीत करने की बात को लेकर तलवार-डंडे से हमला कर दिया।

नारायण पर हमला होता देख बीच बचाव के लिये जितेन्द्र और मनीष आये तो हमलावरों ने दोनों के साथ मारपीट कर शुरु कर दी। हमलावरों ने छात्रों के कक्ष में जाकर सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया और वाहनों में तोडफ़ोड़ कर भाग निकले। घटना के बाद छात्र दहशत में आ गये थे। उन्होने धर्मशाला के मैनेजर और समाजजनों को जानकारी दी।

मंगलवार को दांगी क्षत्रिय युवा महासंघ के अध्यक्ष रवि दांगी कार्यकर्ताओं के साथ धर्मशाला पहुंचे और वहां लगे कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें हमलावर अंदर घुसकर मारपीट करते कैद दिखाई दिये। समाजजनों ने मामले की शिकायत को लेकर पुलिस कंट्रोल रुम पर एसपी के नाम ज्ञापन सौंप हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में फुटेज देख जीवाजीगंज थाने पर शिकायत दर्ज करने के लिये कहा। दोपहर में पुलिस ने छात्र नारायण दांगी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

6 धाराओं में दर्ज किया गया प्रकरण

जीवाजीगंज थाना पुलिस ने बताया घटनाक्रम में तीन छात्र घायल हुए है, मामले में धर्मशाला के सामने रहने वाले भूरा, जहिर लाला, कालू, अरबाज, फिरोज के खिलाफ नामजद और 25 अन्य पर धारा 456, 323, 294, 506, 427, 34 में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की है। अन्यों की पहचान सामने आये फुटेज को देखकर की जाएगी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। हमलावरों ने जान से मरने की धमकी दी थी, जिसके चलते छात्र अपने घरों को चले गये थे। जहां पहुंचने के बाद समाजजनों को घटना बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खुद की बिजली, खुद के पानी से मिली ए प्लस ग्रेड

Tue Dec 28 , 2021
उज्जैन के साइंस कॉलेज को नेक टीम ने मध्यप्रदेश का सर्वश्रेष्ठ शासकीय कॉलेज माना उज्जैन, अग्निपथ। देवासरोड स्थित शासकीय माधव साइंस कॉलेज को यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन(यूजीसी) की स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय मूल्याकंन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) ने मध्यप्रदेश का सर्वश्रेष्ठ शासकीय कॉलेज माना है। साइंस कॉलेज को ए प्लस ग्रेड प्रदान […]

Breaking News