सुंदरकांड पाठ स्पर्धा में अंजनीय भक्त मंडल शाजापुर ने मारी बाजी

हनुमान अष्टमी पर नलखेड़ा के पास प्राचीन बल्ड़ावदा मंदिर में हुआ आयोजन

नलखेड़ा, अग्निपथ। महाभारत कालीन बल्ड़ावदा हनुमान मंदिर पर हनुमान अष्टमी के अवसर पर सुंदरकांड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बाहर से आई मंडलियों द्वारा सुंदरकांड की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

बल्ड़ावदा स्थित हनुमान मंदिर पर हनुमान जी का आकर्षक श्रंगार कर दोपहर 12 बजे महाआरती की गई। उसके पश्चात शाम 5 बजे हनुमान भक्त मंडल द्वारा सुंदरकांड प्रतियोगिता एवं भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें श्रीराम भक्त मंडल जहांगीरपुर बडऩगर, राधे राधे भक्त मंडल झालावाड राजस्थान, मुरादपुरा भक्त मंडल शाजापुर, श्री अंजनीय भक्त मंडल शाजापुर, मां बगलामुखी सुंदरकांड मंडल जीरापुर एवं श्री बाल हनुमान सुंदरकांड समिति गागोरनी की मंडलियों ने भाग लेकर अपनी सुरमधुर आवाज में भक्ति गीतों से पूरा वातावरण धार्मिकमय कर दिया।

प्रत्येक सुंदरकांड मंडलियों को 40- 40 मिनट का समय दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अंजनीय भक्त मंडल शाजापुर, दूसरे स्थान पर राधे राधे भक्त मंडल झालावाड़, तीसरे स्थान पर मुरादपुरा भक्त मंडल की मंडली रही। प्रथम दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रही मंडलियों को नगद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में विवाद की स्थिति निर्मित नहीं हो इसलिए नलखेड़ा नगर की सुंदरकांड मंडलियों को शामिल नहीं किया गया था। विजेता मंडलियों को विधायक राणा ने पुरस्कृत भी किया।

विधायक राणा भी हुए शामिल

बल्ड़ावदा हनुमान मंदिर पर आयोजित सुंदरकांड प्रतियोगिता एवं भंडारे में क्षेत्र के विधायक राणा विक्रमसिंह भी पहुंचे। उन्होंने हनुमान जी के दर्शन पूजनकर सुसनेर विधानसभा वासियों के खुशहाली की कामना की। इस दौरान विधायक राणा द्वारा मंदिर में निवासरत संत श्री रामचंद्रदास जी त्यागी एवं अन्य संतों का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम सोहन कनास, तहसीलदार विजय सेनानी सहित बड़ी संख्या में कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोर्ट पहुंचा पीयूष जैन, कहा- 52 करोड़ पैनल्टी काटकर बाकी कर दो वापस

Thu Dec 30 , 2021
कानपुर। कानपुर के धनकुबेर पीयूष जैन के ठिकानों से मिले 177 करोड़ रुपए कैश और 23 किलोग्राम सोने को लेकर देश भर में चर्चा हो रही है। सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर भी चल पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बीच पीयूष जैन ने कोर्ट का दरवाजा […]

Breaking News