कोविड का पहला डोज नहीं लगवाने वाले बालक-बालिकाओं को स्कूल नहीं आने दिया जाएगा

सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित टीएल की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

उज्जैन, अग्निपथ। कलेक्टर आशीष सिंह ने सोमवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली। जिले में 15 से 18 वर्ष के बालक-बालिकाओं के टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के टीकाकरण की गति अपेक्षा अनुरूप नहीं है। इस वजह से उज्जैन जिला पिछड़ रहा है। सभी एसडीएम विद्यालयों पर विशेष फोकस करें। एक-एक स्कूल की मॉनीटरिंग की जाये। स्कूलों में एनरोल्ड बच्चों को पहले टीकाकृत किया जाये। इनका डाटा पोर्टल से लें।

सभी एसडीएम संकुल प्राचार्य के साथ बैठक कर टीकाकरण की समीक्षा करें। यदि संकुल प्राचार्य सही तरीके से कार्य नहीं कर रहे हैं तो उन्हें निलम्बित करें। कलेक्टर ने कहा कि 15 से 18 वर्ष के बालक-बालिकाएं, जिन्होंने कोविड टीके का पहला डोज नहीं लगवाया है, उन्हें जब भी स्कूल खुलेंगे, स्कूल में आने की अनुमति नहीं दी जायेगी।

कलेक्टर ने कहा कि अब काफी कम समय बचा है, इसीलिये तेज गति से कार्य किये जायें। कलेक्टर ने बैठक में चरक शासकीय माधव नगर अस्पताल चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय में फायर सेफ्टी सिस्टम की जानकारी सीएमएचओ से ली। उन्होंने निर्देश दिये कि निजी चिकित्सालयों में भी फायर सेफ्टी एक्वीपमेंट्स की जांच कराई जाये।

जितने भी फीवर क्लिनिक बनाये गये हैं, इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार के लक्षण लेकर आने वाले लोगों का शत-प्रतिशत आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया जाये। समाधान ऑनलाइन के अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान राजस्व विभाग के 55 प्रकरण निजी भूमि पर अतिक्रमण के थे, भू-अर्जन के 14 प्रकरण और शासकीय योजनाओं में स्वीकृत लोन के प्रकरण थे। इनका शीघ्र-अतिशीघ्र निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये।

कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिये कि वे अधीनस्थ अमले को सख्ती से प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दें। सीएम हेल्पलाइन के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि एल-1 स्तर की शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण हितग्राही से बात कर करवायें। समस्त जिला अधिकारी अडॉप्ट एन आंगनवाड़ी कार्यक्रम के अन्तर्गत जिले की एक आंगनवाड़ी (विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के अन्तर्गत आने वाली) को अवश्य गोद लें। इनमें सरपंच और सचिव को भी आंगनवाड़ी केन्द्रों को गोद लिये जाने की अपील करें।

मास्क लगाने के लिए नागरिकों को किया जा रहा जागरूक

कोरोना वाइरस के बचाव हेतु मास्क लगान आवश्यक है मेरा मास्क मेरी सुरक्षा अन्तर्गत नगर निगम की सहयोगी संस्था द्वारा मास्क लगाने हेतु नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। सोमवार को निगम की सहयोगी संस्था ओम साईं विजन के सदस्यों द्वारा मास्क के प्रति जन जागरण अभियान अंतर्गत टॉवर चौराहे पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के साथ मिलकर नागरिकों को मास्क वितरण किया गया साथ ही मास्क लगाने के प्रति जन जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सरकार नदी लिंक और प्रदूषण मुक्ति योजनाओं के नाम पर करोड़ों खर्च कर चुकी : आचार्य सत्यम

Mon Jan 17 , 2022
महाशिवरात्रि पर 10 लाख दीपक जलाकर करोड़ों लोगों की अमानत में खयानत करेंगे उज्जैन, अग्निपथ। आगामी महाशिवरात्रि पर योगेश्वर की गुरुकुल नगरी में 10 लाख दीपक जलाकर करोड़ों भूखे-नंगे भारतीयों की अमानत में खयानत कर उनके जले पर नमक छिडक़ने का काम यदि सत्ताधारी करेंगे तो उन्हें अयोध्या, काशी और […]

Breaking News