कलेक्टर को साथ लेकर विधायक पहुंचे स्कूल, नप गए उपयंत्री

उज्जैन, अग्निपथ। इंदिरानगर स्थित शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुए घटिया किस्म के निर्माण के मामले में कलेक्टर आशीष सिंह ने लोक निर्माण विभाग की शाखा पीआईयू के उपयंत्री विनोद त्रिपाठी को निलंबित कर दिया है। विधायक पारस जैन को क्षेत्रीय नागरिकों ने इस स्कूल की खराब हालत की शिकायत की थी। विधायक कलेक्टर आशीष सिंह को साथ लेकर पहुंचे थे।

यह वाकया, बुधवार की दोपहर का है। इंदिरानगर में मॉडल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बिल्डिंग का निर्माण स्कूल शिक्षा विभाग के मद से किया गया था। निर्माण पूरा होने के बाद से यहां नियमित क्लास लगती रही। स्कूल बिल्डिंग के मेंटेनेंस का काम पीआईयू संभालती है। विधायक पारस जैन को क्षेत्रीय लोगों ने स्कूल बिल्डिंग की महज 3 साल में ही हालत खराब हो जाने की शिकायत की थी।

विधायक जैन ने बुधवार को कलेक्टर आशीष सिंह को साथ लिया और इंदिरानगर स्थित स्कूल पहुंच गए। यहां की लैब का प्लास्टर उखड़ा था, शौचालय इस्तेमाल के लायक नहीं था। स्कूल बिल्डिंग की खराब हालत देखकर कलेक्टर उखड़ गए। उन्होंने अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई और बिल्डिंग की देखरेख करने वाले अधिकारी का नाम मांगा।

बुधवार शाम तक पूरा प्रतिवेदन और जिम्मेदार का नाम कलेक्टर तक पहुंच भी गया। बुधवार शाम ही कलेक्टर आशीष सिंह ने पीआईयू के उपयंत्री विनोद त्रिपाठी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। स्कूल की बिल्डिंग में 31 मार्च 2017 तक फिनिशिंग का काम पूरा होना था लेकिन वह काम तीन साल बाद तक भी पूरा नहीं कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन परस्पर सहकारी बैंक के चुनाव का रास्ता साफ 

Thu Jan 20 , 2022
हाईकोर्ट ने दिए 10 दिन में चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के आदेश पांच माह से बैंक की फाइनेंस गतिविधियां बंद होने से बैंक को नुकसान : चंदेल उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन परस्पर सहकारी बैंक के बहुचर्चित प्रकरण में उच्च न्यायालय के ताजा फैसले से फिर एक नया मोड़ आ गया है। […]

Breaking News