बुरहानी आटा चक्की के देर रात तक संचालन से मकानों में जनहानि की आशंका

मामला पहुंचा एसडीएम कोर्ट में, चेतावनी देने के बाद भी नहीं मान रहा

उज्जैन, अग्निपथ। लालबाई फूलबाई मार्ग स्थित आटा चक्की संचालक द्वारा आटा आटा और टोस फैक्ट्रियों के लिए देररात तक पिसाई का कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते स्थानीय निवासियों के घरों में कंपन पैदा हो रहा है। ऐसे में जनहानि की आशंका बनी हुई है। स्थानीय रहवासियों ने इसकी शिकायत जीवाजीगंज थाने पर की थी। मामला अब एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है।

लालबाई फूलबाई मार्ग पर स्थित बुरहानी आटा चक्की पर बड़े पैमाने पर समयावधि का ध्यान न रखते हुए रात दिन आटा पीसकर इसे आटा और टोस फैक्ट्रियों में भेजा जा रहा है। देररात तक इसका संचालन किए जाने से स्थानीय रहवासियों को इसके कंपन और आवाज से दिक्कत हो रही थी। इस मामले में स्थानीय रहवासियों ने खाद्य विभाग, नगर निगम और बिजली विभाग को भी शिकायत की।

रहवासियों ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि सुबह 9 बजे से आटा चक्की का संचालन शुरू किया जाता है। जो देर रात तक चलता रहता है। जिसके चलते आसपास के घरों में कंपन होने के कारण जन हानि की आशंका बनी हुई है।

बड़ी मात्रा में दिन-रात पिसाई

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि आटा चक्की पर मिनी ऑटो में भरकर बड़े पैमाने पर अनाज लाया जाता है। जिसको संग्रहित कर आटा संचालक द्वारा सुबह से लेकर देर रात तक पिसाई का कार्य किया जा कर इसको आटा और टोस फैक्ट्रियों को बेचा जा रहा है। नगर निगम में शिकायत के बाद अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई थी। लेकिन उसके बाद नगर निगम द्वारा मामला कोर्ट में ले जाने को कहा गया।

कथन में खुद कहा कि बंपर स्टॉक रखता हूं

आटा चक्की संचालक अकबर अली से जब जीवाजी गंज पुलिस द्वारा पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस को दिए गए कथन में कहा कि मेरी दुकान पर लगभग 30 क्विंटल गेहूं का स्टाक रखा है। जो कि मेरे द्वारा पेश कर ग्राहकों को बेचा जाता है। मेरी चक्की का बिजली का घरेलू कनेक्शन नहीं है। पावर कनेक्शन 10 एचपी का है।

लॉकडाउन में समय अवधि के पश्चात संचालन

बुरहानी आटा चक्की संचालक द्वारा 22 अप्रैल 2021 को कलेक्टर द्वारा लॉकडाउन के दौरान जारी आटा चक्की का संचालन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक करने के आदेश का उल्लंघन किया गया। जीवाजीगंज थाना पुलिस द्वारा आटा चक्की का संचालन निर्धारित समयावधि पश्चात भी होना पाया गया। जिसके चलते धारा- 188 में उनके ऊपर कार्रवाई भी की गई थी।

अनुविभागीय अधिकारी ने भी दी चेतावनी

स्थानीय रहवासियों ने आटा चक्की संचालक की शिकायत 25 सितम्बर 2020 को जीवाजी गंज थाने में की थी। जिस पर पुलिस ने भी स्थानीय रहवासियों की साक्षी में इस्तगासा तैयार कर एसडीएम को प्रस्तुत किया था। जिसमें कहा गया था कि लालबाई फूलबाई चौराहा कांजी हाउस के पास बुरहानी आटा चक्की का संचालन किया जा रहा है।

पूर्व में इसके द्वारा आटा पीसने का कार्य किया जाता था। लेकिन अब अकबर अली द्वारा बड़े पैमाने पर गेहूं पीसने का कार्य किया जाता है। जिससे आटा चक्की लगातार चलती रहती है जिसके कारण आसपास रहने वाले निवासियों को आटा चक्की की आवाज एवं कंपन से परेशानी पैदा हो रही है।

पुलिस ने भी माना था कि आटा चक्की चलने से आवाज एवं कंपन की वजह से जनहानि होने की संभावना है। जोकि लोक न्यूसेंस की श्रेणी में आता है। अत: न्यूसेंस की धारा 133 जाब्ता फौजदारी के तहत दंडनीय होने से इस्तगासा तैयार कर प्रेषित किया जा रहा है।

Next Post

वॉश बेसिन बनाने वाले ठेकेदार व इंजीनियर के खिलाफ हुआ पुलिस प्रकरण दर्ज

Tue Jan 25 , 2022
मामला ग्राम गूंजरिया में वाशबेसिन की दीवार ढहने से हुए हादसे का नलखेड़ा, अग्निपथ। ग्राम पंचायत गुराडिया खाती के ग्राम गुंजारिया के शासकीय स्कूल में बने वाशबेसिन की दीवार ढहने से एक बच्चे की मौत के मामले में प्रशासन ने 3 दिन बाद वाशबेसिन बनाने वाले ठेकेदार व इंजीनियर के […]