ऐसा भी होता है… अपर आयुक्त के बंगले पर मंदिर के सुरक्षाकर्मी..!

1

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम में पदस्थ अपर आयुक्त के बंगले पर महाकाल मंदिर के सुरक्षाकर्मी का क्या काम? वह भी लगातार 8-8 घंटों की तीन शिफ्टों में? लगातार बंगले की सुरक्षा करते मंदिर के सुरक्षाकर्मी। नतीजा … नगर निगम से लेकर महाकाल मंदिर तक सवाल खड़ा हो रहा है। सवाल यह है कि बंगले में ऐसा कौन वीआईपी रहता है? जिसके लिए मंदिर के सुरक्षाकर्मी लगाये गये हैं। यह भी सवाल है कि यह बंगला अपर आयुक्त का है या फिर मंदिर प्रशासक का।

नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने गत 4 जनवरी 22 को आवास क्रमांक 20 आवंटित किया था। अपर आयुक्त आदित्य नागर को। 5 शर्तों के साथ यह आवास आवंटित किया गया। लेकिन अपर आयुक्त को आवंटित आवास के बाहर महाकाल मंदिर सुरक्षाकर्मी लगातार नजर आते हैं। जिसके चलते यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर अपर आयुक्त के बंगले पर मंदिर के सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी क्यों लगाई गई है? विदित रहे कि आवास क्रमांक 20 आयुक्त बंगले से सटा है और ग्रांड होटल के ठीक पीछे स्थित है।

इसलिए सुरक्षा…

दरअसल, इस आवास पर मंदिर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी की असली वजह यह है। इस मकान में महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ रहते है। जो कि अभी-अभी 12 वीं मंजिल इमारत का फ्लैट छोडक़र इस आवास में शिफ्ट हुए हैं। निगम आयुक्त सीधे-सीधे मंदिर प्रशासक को आवास आवंटित नहीं कर सकते हैं। यह नियम विरूद्ध होता।

इसीलिए अपर आयुक्त आदित्य नागर के नाम का सहारा लिया गया। उनके नाम पर आवास आवंटित कर दिया। मगर इसमें स्थाई रूप से निवास मंदिर प्रशासक करते है। इसीलिए मंदिर के सुरक्षाकर्मी 3 शिफ्टों में बंगले के बाहर सुरक्षा करते नजर आते है।

यहां यह बात लिखने योग्य है कि … इस आवास के एक पोल पर अपर आयुक्त आदित्य नागर के नाम का पोस्टर चिपकाया गया है। वहीं दूसरी तरफ महाकाल मंदिर प्रशासक का भी पोस्टर चिपका है। विदित रहे कि…नगर निगम में पदस्थ अपर आयुक्त आदित्य नागर का निजी निवास आनंद नगर में स्थित है और वह वर्तमान में वहीं निवास करते हैं।

नियम…

इधर संभागायुक्त कार्यालय से कलेक्टर कार्यालय और नगर निगम कार्यालय में बैठने वाले अधिकारियों का यह दबी जुबान में यह कहना है कि … नियमानुसार शासकीय आवास जिसके नाम पर आवंटित होता है। उसी को उस मकान में रहने की पात्रता होती है। कोई दूसरा उस आवास में नहीं रह सकता है। यह नियमों का उल्लंघन माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कांग्रेस का असहयोग आंदोलन: शहर अध्यक्ष मैदान में, अब ब्लॉक अध्यक्ष असंमजस में

Tue Feb 1 , 2022
पीसीसी का निर्देश ब्लॉक अध्यक्ष बूथों पर जाकर चलाएं घर चलो, घर-घर चलो अभियान उज्जैन, अग्निपथ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उज्जैन शहर के प्रत्येक बूथ पर जाकर घर चलो, घर-घर चलो अभियान चलाया जाना है। परन्तु शहर कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों के बीच चल रहे विवाद के […]

Breaking News