मंदिर प्रशासक को … उदयन मार्ग पर भी बंगला आवंटित..!

Dhakad udayan marg bangla 040222

उज्जैन, अग्निपथ। प्रशासनिक मशीनरी भी कभी-कभी उल्टे काम करती है। जो कागजों पर नजर आता है, उसके ठीक विपरीत काम होता है। तभी तो मंदिर प्रशासक के नाम पर एक बंगले का आवंटन उदयन मार्ग पर हुआ है लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि मंदिर प्रशासक ग्रांड होटल के पीछे स्थित आवास में अपना सामान शिफ्ट कर चुके हैं। मंदिर प्रशासक का यह जलवा साबित करता है कि … सत्ता के दबाव में प्रशासनिक मशीनरी कुछ भी कर सकती है। फिर भले ही इसके लिए नियमों की अनदेखी करनी पड़े।

महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ की किस्मत वाकई जोरदार है। तभी तो बाबा महाकाल सहित, सत्ता- संभागायुक्त और आयुक्त नगर निगम कार्यालय उन पर मेहरबान है। ऐसी चर्चा संभागायुक्त कार्यालय से लेकर नगर निगम के गलियारों में सुनाई दे रही है।

उनकी किस्मत और जलवे के कारण ही ग्रांड होटल के पीछे स्थित आवास में उनके शिफ्ट होते ही, उदयन मार्ग स्थित एक बंगले का आवंटन उनके नाम पर हो गया है। जिसकी भनक कानों-कान किसी को भी नहीं हुई।

खुलासा …

विदित रहे कि अग्निपथ ने 2 फरवरी के अंक में यह खुलासा किया था। अपर आयुक्त के बंगले पर-मंदिर के सुरक्षाकर्मी । यह आवास क्र. 20 ग्रांड होटल के ठीक पीछे स्थित है। जहां पर मंदिर के सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते है। आवास आदेश में यह मकान अपर आयुक्त आदित्य नागर के नाम पर है।

आदेश आयुक्त नगर निगम अंशुल गुप्ता द्वारा निकाला गया था। जबकि इसमें मंदिर प्रशासक ने अपना डेरा जमा लिया है। जो कि शासकीय आवास नियमों का उल्लंघन है। यहां यह लिखना जरूरी है कि अपर आयुक्त आदित्य नागर, वर्तमान में अपने निज निवास आनंद नगर में रहते है।

यह भी पढ़ेंः अपर आयुक्त के बंगले पर मंदिर के सुरक्षाकर्मी..!

खाली होने पर …

संभागायुक्त कार्यालय के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ को शासकीय आवास गृह एफ- 4 उदयन मार्ग आवंटित किया गया है। जो कि उन्ही के नाम पर आवंटित है। उपायुक्त राजस्व कार्यालय ने गत 25 जनवरी 22 को यह आदेश निकाला था। आदेश में यह उल्लेखित था कि एफ-4 आवास रिक्त होने की प्रत्याशा में उनको आवंटित किया गया है। इस मकान में एडी. एसपी रविन्द्र वर्मा निवास करते थे। जिनका हाल ही में तबादला हो गया है और उन्होंने 2 या 3 फरवरी में मकान भी खाली कर दिया। फिलहाल यह आवास खाली पड़ा है।

फोन नहीं उठाया …

उदयन मार्ग पर हुए आवास आवंटन के मामले को लेकर जब मंदिर प्रशासक को फोन लगाया। तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। अग्निपथ ने उनके मोबाइल नम्बर 96190-66394 पर संपर्क रात 8 बजकर 2 मिनिट पर किया था। मगर खबर लिखे जाने तक उनका पलटकर भी फोन नहीं आया।

 

Next Post

गुमटियों के मकडज़ाल में अब नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ और न्यायाधीश के निवास

Fri Feb 4 , 2022
नगर में अतिक्रमणकर्ताओं ने अधिकारियों के निवास को भी नही छोडा,प्रशासनिक अधिकारी मौन सुसनेर, अग्निपथ। नगर के मुख्य बाजार एवं शासकीय जमीन हो रहे अतिक्रमण भले ही शासकीय अधिकारियों को नजर नहीं आए किन्तु इन अधिकारियों के निवास के आसपास अतिक्रमण कर अवैध रूप से रखी जा रही गुमटियों पर […]
Susner gumtiya atikraman 040222