राजस्थान से उज्जैन आकर पति कर रहा था दूसरी शादी,पत्नी थाने पहुंची तो लौटना पड़ा बैरंग

Dushari shaadi 100222

विवाह की पत्रिका से पता चला ससुराल के मंसूबों का,प्रतापगढ़ में भी केस दर्ज

उज्जैन,अग्निपथ। राजस्थान का युवक दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पत्नी को अंधेरे में रख गुरुवार को दूसरी शादी करने उज्जैन पहुंच गया,लेकिन पहली पत्नी के महिला थाने पहुंचने पर उसके मनसूबों पर पानी फिर गया। मामले में पीडि़ता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रतापगढ़ में भी केस दर्ज करवा दिया।

राजस्थान के प्रतापगढ़ स्थित ग्राम चौकड़ी का हरीश पिता बाबूलाल गौड़ की शादी दो साल पहले मंदसौर निवासी कृषक देवीलाल कछावा की पुत्री पूजा से हुई थी। मनमाफिक दहेज नहीं मिलने पर ससूर बाबूलाल,सास नंदूबाई व पति हरिश ने पूजा को प्रताडि़त कर दो माह पहले घर से निकाल दिया। पूजा के मायके जाने पर परिवार ने फिर हरीश की शादी की योजना बनाई और उज्जैन विक्रम नगर स्टेशन के पास भर्तृहरि नगर निवासी गोपालसिंह दायमा की पुत्री सपना से रिश्ता कर दिया।

10 फरवरी को शादी तय होने पर गौड़ ने पत्रिका बांटी जो तीन दिन पहले कछावा को मिल गई। पता चलते ही उन्होंने मंदसौर एसपी को शिकायत की। बाद में पूजा ने प्रतापगढ़ के दमोतरा थाने में सास नंदूबाई,ससुर बाबूलाल व पति हरीश के खिलाफ दहेज प्रताडऩा व मारपीट का केस दर्ज कराया। बावजूद हरीश 9 फरवरी की रात बारात लेकर दायमा के घर पहुंचा तो पूजा भी परिजनों के साथ उज्जैन के महिला थाने पहुंच गई। गुरुवार को पूरा मामला सामने आते टीआई रेखा वर्मा ने सपना के पिता दायमा को बुलाया। पता चलते ही उन्होंने विवाह निरस्त कर दिया।

पुलिस पर आरोप भी

कछावा ने बताया कि बेटी पूजा को नर्सिंग का कोर्स करवा रहे हंै। बावजूद दहेज के लिए ससुराल वालों ने उसे निकाल दिया, लेकिन पूजा तलाक नहीं देना चाहती। ऐसे में दामाद की शादी का पता चलने पर वह बुधवार रात पूजा के साथ नागझिरी थाने पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें भगा दिया। रात भर परेशानी के बाद एसपी से मिले। नतीजतन टीआई ने दायमा को बुलाकर चेतावनी दी तो उसने हरीश से बेटी की शादी नहीं करने का लिखकर दिया।

समाज तय करेगा रिश्ता

गोपालसिंह दायमा्र ने कहा कि हरीश के विवाहित होने और पत्नी से विवाद का पता चलने पर फिलहाल शादी निरस्त कर दी है। समाज में बैठक के बाद दोनों की शादी का निर्णय करेंगे।

इनका कहना है

महिला ने पति के दूसरी शादी करने की शिकायत की तो दुल्हन के पिता को बुलाकर वस्तुस्थिति समझाई। युवक के विवाहित होने का पता चलने पर उन्होंने शादी निरस्त कर दी। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई तय करेंगे। -रेखा वर्मा, टीआई महिला थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देशमुख अस्पताल की नपती करने पहुंचे नगर निगम अधिकारी

Thu Feb 10 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर रोड़ पर नानाखेड़ा के नजदीक देशमुख अस्पताल भवन की गुरुवार को नपती के लिए नगर निगम के कार्यपालन यंत्री लीलाधर दोराया और उनकी टीम पहुंची। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सौंपे गए भवन के स्वीकृत नक्शे और मौके पर हुए निर्माण का मिलान किया गया। शुक्रवार को फिर से […]

Breaking News