भू माफियाओं पर रहम नहीं कार्रवाई करो कलेक्टर साहब…

भू-माफियाओं

नलखेड़ा (राजेश कश्यप), अग्निपथ। आगर जिले में कलेक्टर के तौर पर अवधेश शर्मा को पदस्थ हुए लगभग 2 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन वर्षों में देखा जाए तो नलखेड़ा-सुसनेर ही नहीं संपूर्ण आगर जिले में भू माफियाओं ने अपने पांव पसारे हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई राजस्व विभाग ने नहीं की है।

अधिकारियों का बेशकीमती सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को नजरअंदाज करना कई शंकाओं को जन्म दे रही है। अन्य जिलों में हो रही कार्रवाई के बावजूद आगर जिले में बरती जा रही ढिलाई से यहां के प्रशासनिक मुखिया की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले के आम जन का कहना है कि कलेक्टर साहब भू माफियाओं पर रहम नहीं कार्रवाई करो।

नलखेड़ा नगर की ही बात करें तो यहां विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के इर्द-गिर्द ही बेशकीमती मठ मंदिरों एवं शासकीय भूमि पर अनेक भू माफिया व दबंग लोगो पक्का निर्माण कर कब्जा जमाए बैठे हैं। वही नगर की सीमा में चाहे मां बगलामुखी पहुंच मार्ग हो या भेंसौदा मार्ग, गुदरावन मार्ग या फिर धरोला मार्ग इन स्थानों पर स्थित बेशकीमती शासकीय भूमियों पर राजस्व विभाग के अधिकारियों की सांठगांठ से भू माफियाओं ने हेराफेरी कर खरीद-फरोख्त की है। जिस पर पक्के निर्माण तक हो गए हैं। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर पक्के निर्माण की जानकारी राजस्व विभाग के अधिकारी से लगाकर पटवारी गिरदावर तक को है लेकिन लक्ष्मी की खनक के आगे राजस्व विभाग का भारी-भरकम अमला अनजान बना हुआ है।

शहर में इन सरकारी जमीन पर कब्जा

  • भैसोदा रोड पर स्थित सर्वे क्रमांक 204 /1 एवं सर्वे क्रमांक 204/3 की शासकीय भूमि।
  • मां बगलामुखी मंदिर जाने वाल मुख्य मार्ग पर स्थित सर्वे क्रमांक 267 व 272 पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है।
  • श्री राम मंदिर धर्मशाला की सर्वे क्रमांक 249 की मां बगलामुखी मंदिर के पास स्थित भूमि पर भी भू माफियाओं द्वारा कब्जा कर रखा है।

औपचारिकता भर करते हैं अधिकारी

राजस्व विभाग के स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी तो कथित निजी हितों के चलते इतने निठल्लेे हो गए हैं कि उनको शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण की सूचना देने के बाद भी मात्र औपचारिकता कर लेते हैं। कोई ठोस कार्यवाही नहीं करते हुए भू माफियाओं को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं।

जिले में शासकीय भूमियो पर भूमाफिया एवं दबंगों द्वारा कब्जा करने एवं पक्का निर्माण करने की शिकायतों के समाचार प्रतिदिन अखबारों की सुर्खियां बन रहे हैं उसके बाद भी जिले के मुख्या से लगाकर स्थानीय राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं करना समझ से परे हैं।

जिलेवासियों की आशा पर खरे नहीं उतरे कलेक्टर

आगर जिले में 2 वर्षों में शासकीय भूमियों पर कब्जे के जितने मामले सामने आए हैं शायद उतने जिले में अभी तक नहीं आए होंगे। प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान शासकीय जमीनों को भू माफिया से मुक्त कराने के निर्देश भी कई बार दे चुके हैं उसके बाद भी आगर जिले में गांधारी बने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली जनचर्चा का विषय है। यहां तक कि एंटी माफिया के अभियान के तहत भी भूमाफियाओं के खिलाफ जिले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गोवंश तस्करी करने वाले वाहन को ग्रामीणों ने आग लगाई

Thu Feb 24 , 2022
महिदपुर रोड, अग्निपथ। गोवंश की तस्करी कर हत्या के लिए ले जा रहे एक वाहन को क्षेत्र के ग्रामीणों ने आग लगा दी। वाहन में सवार आरोपी फरार हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार की रात्रि में गोवंश से भरी एक पिकअप वाहन को लोगों ने रोककर पूछताछ की। मामला संदिग्ध […]

Breaking News