धोती के चक्कर में प्रशासन ने दौड़ लगाई..!

Pandit at circut house 08 03 22

उज्जैन, अग्निपथ । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महाकाल मंदिर जाने से पहले धोती (शोला) कहां बदलेंगे? इस चक्कर में प्रशासन को आखिरी वक्त में दौड़ लगानी पड़ी। वैसे व्यवस्था सर्किट हाऊस पर की थी। मगर ऐन वक्त पर सभी पुजारियों को तत्काल महाकाल के लिए रवाना किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सपरिवार उज्जैन आये थे। इसकी वजह यह थी कि उनकी धर्मपत्नी का आज जन्मदिन था। सर्किट हाऊस पर अध्यक्ष के लिए पीली और नीली धोती की व्यवस्था थी। 5 पंडित इंतजार भी कर रहे थे। कुल 25 धोती मंगवाकर रखी थी।

तयशुदा प्रोग्राम यही था। पहले सर्किट हाऊस आयेंगे। मंदिर जाने से पहले कपड़े बदलेंगे। लेकिन यह व्यवस्था धरी रह गई। पांइट आया कि … सीधे मंदिर जा रहे है। बस … फिर क्या था। धोती पहनाने बैठे पंडित राजेश गुरू सहित बाकी सभी को तत्काल गाडी में बैठाकर प्रशासन ने मंदिर रवाना किया।

भूल गये …

राष्ट्रीय अध्यक्ष 3 बजे बाद सर्किट हाऊस पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आदि साथ थे। इधर बगीचे में 2 घंटे से भाजपा के पदाधिकारी और महिला नेत्री इंतजार कर रही थी। सबसे पहले इन्ही से मुलाकात हुई।

आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस था। भाजपा नेत्रियों को उम्मीद थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष इस मौके पर शुभकामनाएं देंगे। किसी महिला नेत्री को स्वागत का अवसर दिया जायेगा। मगर अध्यक्ष अपने उद्बोधन में शुभकामनाएं देना भूल गये। स्वागत का भी मौका किसी नेत्री को नहीं मिला।

झूमा-झटकी …

 

उद्बोधन के तत्काल बाद वीआईपी भोजन के लिए चल दिये। उनके पीछे-पीछे भाजपाई भी घुसने लगे। अनुशासन भूल गये। झूमा-झटकी शुरू हो गई। अंदर जाने के लिए। एसपी सत्येन्द्र शुक्ल और एडी.एसपी आकाश भूरिया को पहले ही अंदाजा हो गया था। दोनों मुख्य द्वार पर खड़े थे। उन्होंने अंदर घुस रहे कई भाजपाईयों को रोक दिया। जिसके बाद बड़ी मुश्किल से मुख्य दरवाजा बंद कर पाये।

कैमरा बंद करो …

Nadda shivraj having lunch ciruit house ujjain 08 03 22
सर्किट हाउस में भोजन करते जेपी नड्डा, शिवराज सिंह, पारस जैन व अनिल फिरोजिया।

भोजन की टेबल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री, सांसद अनिल फिरोजिया, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और विधायक पारस जैन बैठे थे। यहां पर भी भोजन करते वक्त भाजपाई फोटो के चक्कर में आसपास मंडरा रहे थे। नतीजा पहले मुख्यमंत्री ने फोटो के लिए मना किया। इसके बाद भाजपाई नहीं मान रहे थे। आखिरकार राष्ट्रीय अध्यक्ष को बोलना पड गया कि … कैमरा बंद करो।

नम्बर कटेंगे …

उज्जैन से राष्ट्रीय अध्यक्ष को देवास के कार्यक्रम में जाना था। मुख्यमंत्री ने फटाफट खाना खाया और उठ गये। सीधे शिप्रा कक्ष में गये। इधर अध्यक्ष भोजन करके उठे। तो स्वागत और फोटो के चक्कर में घिरा गये। इस बीच मुख्यमंत्री वापस आ गये। उन्होंने अध्यक्ष को भीड में घिरे देखा। तो वह भीड को हटाते हुए आगे आये। सीधे बोले… आज अगर रोकोगे… तो सबके नम्बर कटेंगे। सीएम की बात सुनकर सभी भाजपाई पीछे हट गये। तब कही जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवास के लिए रवाना हो पाये।

Next Post

तेज हवा और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने पहुँचे, आज देंगे ज्ञापन

Tue Mar 8 , 2022
नागदा, अग्निपथ। सोमवार रात्रि को अचानक आयी बारिश और तेज हवा के कारण ग्रामीण क्षेत्रो मे फसलों को काफी नुकसान हुआ है।खराब हुई फसलों का जायजा लेने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य बसंत मालपानी ग्राम निपनियां, निनावटखेड़ा, अटलावदा, गीदगड, भीमपुरा, अलसी, कलसी पहुँचे। मालपानी ने कहा की किसानों के […]