निधि दिलवा दो- खदान खुलवा दो- आर्डर करवा दो…!

उज्जैन, अग्निपथ । प्रदेश के वित्त- वाणिज्यकर- योजना- आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा आज उज्जैन आये थे। जिले के प्रभारी मंत्री भी है। इसलिए भाजपा नगर व ग्रामीण के जिलाध्यक्ष भी मिलने पहुंचे। बंद कमरे में बैठक हुई। जिसका सार यह है कि … समर्पण निधि दिलवाने के निर्देश करवा दो- खदान का ताला खुलवा दो और सचिव का आर्डर करवा दो।

शिवराज मंत्रिमंडल में सबसे सहज – सरल- मिलनसार मंत्री जगदीश देवड़ा है। कोई दिखावा नहीं करते है। सभी की बात सुनते है। सबको सम्मान देते है। ठहाका लगाते है। काम करते है और चुपचाप निकल जाते है। आज सर्किट हाऊस पर 11 बजे पहुंचे। एडीएम संतोष टैगोर और एसडीएम गोविंद दुबे ने अगवानी की। तब तक कोई भाजपा नेता नहीं पहुंचा था। केवल पूर्व विधायक सतीश मालवीय नजर आये। जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक जोशी, महामंत्री विशाल राजोरिया, सचिन सक्सेना, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला, वीरेन्द्र कावडिय़ा आदि भी पहुंच गये।

वसूली …

भाजपा में इन दिनों समर्पण निधि का काम चल रहा है। इसके पहले आजीवन निधि के नाम पर राशि एकत्रित की गई थी। अब समर्पण निधि के लिए राशि एकत्रित करनी है। कोई खुशी से तो देता नहीं है। इसलिए आज प्रभारी मंत्री के साथ मिलकर बैठक हुई। ग्रामीण जिला पदाधिकारियों की। जिसमें यह तय किया गया कि … जिले की सभी सहकारी साख संस्थाओं से 5-5 हजार की राशि समर्पण निधि के नाम पर वसूली जायेंगी। ऐसा हमारे सूत्रों का कहना है।

फोन किया …

प्रभारी मंत्री के समक्ष जिलाध्यक्ष ने आज एक सचिव का आर्डर करवाने की गुहार लगाई। जिसके लिए जिलाध्यक्ष काफी समय से परेशान हो रहे है। आज उन्होंने प्रभारी मंत्री से जिला पंचायत सीईओ सुश्री अंकिता धाकरे को फोन लगवाया। सूत्र का कहना है कि जिपं सीईओ ने आश्वासन दिया है कि आर्डर हो जायेगा।

तलब किया …

उन्हेल मंडल में कोषाध्यक्ष है। द्वारकाधीश मेहता। जिनके स्टोन क्रेशर पर 17 मार्च को छापा पड़ा था। खनिज निरीक्षक जयदीप नामदेव ने तहसीलदार के साथ छापा मारा था। अवैध परिवहन का प्रकरण बनाया। 3 वाहन जब्त किये। नतीजा स्टोन क्रेशर खदान पर ताला लगा दिया। जिसको लेकर आज प्रभारी मंत्री के समक्ष अपर कलेक्टर अवि प्रसाद को बुलाया गया। उन्ही की कोर्ट में निराकरण होना है। इसीलिए तलब किया। कारण यह था कि जिलाध्यक्ष श्री बोरमुंडला का यह दबाव था कि … किसी भी तरीके से खदान का ताला खुल जाये। प्रभारी मंत्री ने अपर कलेक्टर से बंद कमरे में चर्चा की।

Next Post

लोहे के चने चबवा रहे हैं लोहे के भाव

Wed Mar 23 , 2022
बढ़ते भाव से सभी निर्माण कार्य प्रभावित बदनावर (अल्ताफ मंसूरी), अग्निपथ। अपनी फौलादी शक्ति के लिए मशहूर धातु लोहा इन दिनों अपने बढ़़े भाव के कारण लोगों को लोहे के चने चबवा रहा है। लोहे के भाव बाजार के इतिहास में इतनी तेजी से इतने कम समय में कभी नहीं […]