उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने उज्जैन आकर किए ज्योर्तिलिंग के दर्शन
उज्जैन, अग्निपथ। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार दोपहर उज्जैन आए। यहां उन्होंने ज्योर्तिलिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए, इसके साथ ही वे कार्तिक मेला मैदान में आयोजित गुरू विश्वरत्न जन्म अर्धशताब्दी महोत्सव में भी शामिल हुए।
दोपहर करीब 12 बजे हेलिकॉप्टर से उज्जैन आए पुष्कर सिंह धामी का पुलिस लइन हेलिपेड पर सांसद अनिल फिरोजिया, भाजपा शहर अध्यक्ष विवेक जोशी, कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने स्वागत किया। हेलिपेड से धामी सीधे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और यहां गर्भगृह में भगवान की पूजन-अर्चना की।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उत्तराखंड सीएम का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के उपरांत धामी कार्तिक मेला मैदान में श्वेतांबर जैन समाज के आचार्य गुरूवर विश्वरत्न सागर जी से आर्शिवाद प्राप्त करने पहुंचे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के उपरांत वे शहर से रवाना हो गए।
पार्टी तय करेगी कहां से चुनाव लडऩा है
- उत्तराखंड में चुनाव सम्पन्न हुआ है और भाजपा को राज्य की जनता ने अपना भरपूर सहयोग दिया है। राज्य की तरक्की के लिए भगवान महाकालेश्वर का आर्शिवाद लेने यहां आया हूं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते रहे हैं कि अगला दशक उत्तराखंड राज्य का दशक होगा। हमारी सरकार इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बनेगा।
- आने वाले दिनों में मुझे भी चुनाव लडऩा है लेकिन कहां से चुनाव लड़ूंगा यह पार्टी तय करेगी।
- दिग्विजय सिंह के खरगौन मुद्दे पर ट्विट के मामले में कहा- कांग्रेस के नेता हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति करते रहे है। इसी वजह से कांग्रेस खत्म हो चुकी है।
(उत्तराखंड सीएम की मीडियाकर्मियों से बातचीत)