10 ट्रक चालकों ने लगाया इंडस्ट्री को चूना

चिंतामण थाने में दर्ज हुआ धोखाधड़ी का अपराध

उज्जैन, अग्निपथ। बडऩगर रोड़ स्थित अवि एग्रो इंडस्ट्री में ट्रक चालकों द्वारा धोखाधड़ी किए जाने का एक मामला सामने आया है। अलग-अलग अवधि में इस इंडस्ट्री से डीओसी (सोयाबीन का भूसा) लेकर निकले ट्रकों के चालकों ने रास्ते में ही माल में मिलावट कर डाली। इससे इंडस्ट्री को लाखों रूपयों का नुकसान हुआ है। मामले में चिंतामण थाने में अपराध दर्ज किया गया है।

अवि एग्रो इंडस्ट्री के प्रबंधक महेश चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनकी इंडस्ट्री से 29 मार्च से 11 अप्रैल के बीच डीओसी का लदान कर10 ट्रक अलग-अलग राज्यों में व्यापारियों के यहां भेजे गए थे। डीओसी पशु आहार बनाने के काम में आती है। ये ट्रक जब गंतव्य पर पहुंचे और वहां माल की जांच हुई तो पता चला कि इंडस्ट्री से निकले डीओसी में मिलावट की गई है। इससे आशंका है कि उज्जैन से डीओसी लेकर चले चालकों ने रास्ते में डीओसी में मिलावट की है। पुलिस अब इस मामले में सभी 10 ट्रकों के चालकों से पूछताछ करेगी।

ट्रक की तिरपाल काटकर चुराए दवाओं के बॉक्स

उज्जैन, अग्निपथ। आगर रोड़ पर राजस्थानी ढाबे के पास रविवार की सुबह अज्ञात बदमाश एक ट्रक की तिरपाल काटकर कीटनाशक दवाओं के 12 बॉक्स चुरा ले गए है। मामले में चिमनगंज मंडी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। ट्रक ड्राइवर सतविंदर पिता अमरजीत सिंह निवासी किरंतपुर साहिब पंजाब से 20 अप्रैल को कीटनाशक दवाओं के बॉक्स ट्रक में लादकर इंदौर के लिए निकला था। रविवार सुबह उसने राजस्थानी ढाबे के पास अपना ट्रक खड़ा किया और शौच व नहाने के लिए चला गया। सतविंदर जब वापस लौटा तो उसे ट्रक की तिरपाल कटी हुई मिली। भीतर रखे 12 बॉक्स चोरी हो चुके थे। चोरी हुए बॉक्स की कीमत का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ की बैठक संपन्न

Sun Apr 24 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा उज्जैन की आवश्यक बैठक को प्रदेश महामंत्री हेमंत श्रीवास्तव कर्मचारी नेता मुरारी सोनी के मुख्य अतिथि में संपन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में दत्तोपंत ठेंगड़ी, भारत माता एवं विश्वकर्मा जी के चित्र […]