सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर खोल ली शराब दुकान

जिम्मेदार अधिकारी बने गांधारी

खाचरौद, अग्निपथ। स्टेशन रोड स्थित जावरा नाके पर बने यात्री प्रतीक्षालय के पीछे सरकारी जमीन पर लगी अवैध गुमटी में व उसके आसपास खुली पड़ी शासकीय भूमि पर बड़े स्तर पर अतिक्रमण कर शराब की दुकान खोली गई है। इस रास्ते से रोज गुजरने वाले प्रशासनिक अधिकारियों को यह अतिक्रमण नजर नहीं आ रहा है। विधायक सहित कई संगठनों ने शराब दुकान हटाने के लिए ज्ञापन भी सौंपे हैं।

दरअसल जिस जगह सरकारी जमीन पर कब्जा कर शराब दुकान चलाई जा रही है इससे कुछ दूर पर ही शासकीय कॉलोनी है। जिसमें राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ के निवास स्थान होने से प्रतिदिन ये सभी अधिकार इस यात्री प्रतीक्षालय के आगे से अपने कार्यालय आते-जाते हैं, पर उन्हें इतना बड़ा अतिक्रमण दिखाई नहीं पड़ता। अवैध रुप से खोली गई शराब दुकान के कारण इस भीषण गर्मी में यात्रियों को प्रतीक्षालय के बाहर चिलचिलाती धूप में बसों का इंतजार करना पड़ता है।

सबसे ज्यादा फजीहत महिला यात्रियों को उठाना पड़ रही हे। साथ ही क्षेत्र के सता पक्ष के किसी भी जनप्रतिनिधि को यह अतिक्रमण दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं इस शराब दुकान को हटाने के लिए विगत दिनों हाउसिंग बोर्ड के रहवासियों द्वारा जिला कलेक्टर के नाम का ज्ञापन दिया जा चुका है। साथ ही क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह गुर्जर सहित नगर की लगभग 8 संस्थाओं द्वारा राजस्व कार्यालय पहुंच विरोध स्वरूप जि़ला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी पुरषोत्तम कुमार को सौंपा जा चुका है। परंतु आज तक जिले से लेकर स्थानीय स्तर तक के आला अधिकारियों के कानों पर जुं तक नही रेंगी। जिससे शराब ठेकेदार के हौसले बुलंद हो चुके है।

विरोध के कारण जगह नहीं मिली तो सरकारी जमीन हथिया ली

दरअसल, सरकारी जमीन पर कब्जा कर शराब दुकान चलाने के पीछे भी लोगों का विरोध ही है। पूर्व में स्टेशन रोड पर तीन स्थानों पर ठेकेदार द्वारा शराब दुकान खोलने की कोशिश की गई परंतु रहवासियों के विरोध के चलते उन स्थानों पर दुकान नहीं खुल सकी। आखिरकार धंधे के लिए रास्ता निकालते हुए शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर दुकान खोली गई है। चर्चा है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर शराब दुकान खोलने में प्रशासन के अमले व कतिपय राजनेताओं का भी ठेकेदार पर हाथ है।

इन्होंने सौंपे ज्ञापन

इधर क्षेत्रीय विधायक गुर्जर के साथ, जैन सोशल ग्रुप मैन, अभिभाषक संघ, लायंस क्लब, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन इकाई, जेएसजी मैत्री, श्री सौभाग्य विद्यानिकेतन, जेएसजी संगिनी मेन, जेएसजी संगिनी डायमंड के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर शीघ्र ही शराब की दुकान को हटाए जाने एवं उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

ठेकेदार को नोटिस

जावरा रोड पर प्रतीक्षालय के पीछे शराब की दुकान शासकीय भूमि पर संचालित करने पर दुकान हटाने के संबंध में कई संस्थाओं और विधायक द्वारा ज्ञापन दिया गया है। तहसीलदार द्वारा जांच कराई जा चुकी है, जिसमें निर्माणाधीन शराब की दुकान शासकीय भूमि पर पाई गई है। संबंधित लाइसेंसी ठेकेदार समृद्धि ट्रेडर्स एवं प्रोपराइटर विवेक सत्यनारायण जायसवाल को सात दिवस के भीतर दुकान हटाने एवं जवाब के लिए तलब किया गया है।

– पुरुषोत्तम कुमार, अनुविभागीय अधिकारी खाचरौद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सर्व ब्राह्मण सामूहिक विवाह में 7 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, 21 बटुकों का हुआ यज्ञोपवित संस्कार

Wed May 11 , 2022
रजिस्ट्रेशन फीस भी लौटाई, वर-वधुओं एवं बटुकों का निकला चल समारोह उज्जैन, अग्निपथ। नागर ब्राह्मण समाज के गौरव स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री कांतिलाल जी मेहता की स्मृति में 11 मई को बाबा महाकाल की नगरी में नि:शुल्क सामूहिक विवाह एवं यज्ञोपवित संस्कार आयोजित किया गया। जिसमें लगभग पांच हजार […]
sarv brahmin vivah sammelan 11 05 22