काल भैरव मंदिर के पास से हटाया अतिक्रमण

पार्किंग की जमीन पर प्रशासन ने लिया कब्जा

उज्जैन, अग्निपथ। भैरवगढ़ क्षेत्र में काल भैरव मंदिर परिसर के विस्तार के लिए अधिग्रहित की गई जमीन पर बुधवार दोपहर में जिला प्रशासन की टीम ने कब्जा ले लिया है। मंदिर के नजदीक करीब एक हेक्टेयर जमीन पर एक ढाबा और तीन कच्चे मकान बने हुए थे।

एसडीएम संजीव साहू के साथ राजस्व और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम बुधवार दोपहर में काल भैरव मंदिर पर मशीनें लेकर पहुंची। इस टीम ने मंदिर के नजदीक वाली जमीन पर बने तीन कच्चे मकानों का सामान बाहर निकाला और मकानों को जमींदोज कर दिया। नजदीक ही बने ढाबे के टीन शेड भी हटवा दिए गए। एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि काल भैरव मंदिर परिसर का विस्तार का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन ने मंदिर से सटी हुई एक हेक्टेयर जमीन को अधिग्रहित किया है। इस जमीन पर वाहन पार्किंग बनाई जाएगी।

मंदिर से सटी जिस जमीन से कच्चे मकानों को हटाया गया उनमें रहने वाले परिवारों ने कार्यवाही का विरोध भी किया। इनका कहना था कि जमीन उनके अपने निजी स्वामित्व की है। प्रशासन ने अब तक उन्हें किसी तरह का मुआवजा भी नहीं दिया है। बिना मुआवजा दिए ही मकान तोड दिए और गृहस्थी का सामान सडक़ पर पटक दिया। एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि जमीन अधिग्रहित करने की प्रशासनिक कार्यवाही पूरी हो गई है। रहवासियों से उनके स्वामित्व के दस्तावेज मांगे गए थे। दस्तावेज मिलने के 3 से 4 दिन के भीतर ही सभी वैध लोगों को मुआवजा राशि सौंप दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भोपाल से लिखवाकर लाओ, तब नगर निगम में आओ

Wed Jun 1 , 2022
छुट्टी से लौटे अपर आयुक्त मनोज पाठक फजीते में पड़े उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम में पिछले कुछ दिनों से दागी अधिकारी-कर्मचारियों को हटाने की मुहीम छिड़ी हुई है। इस मुहिम के बीच मंगलवार शाम को एक अजीब वाकया भी हुआ है। लंबी छुट्टी के बाद अपर आयुक्त मनोज पाठक ने […]
नगर निगम