नगर निगम के अपर आयुक्त मनोज पाठक का इंदौर तबादला

नगर निगम

उज्जैन, अग्निपथ। हाल ही के दिनों में उज्जैन नगर निगम में सबसे चर्चित अधिकारी रहे अपर आयुक्त मनोज पाठक का राज्यशासन ने तबादला कर दिया है। पाठक को इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त बनाया गया है। इंदौर नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल के साथ उनका सामंजस्य भी बेहतर है। लिहाजा नगर निगम में ही इस बात की चर्चा है कि कुछ दिनों की परेशानी मनोज पाठक के लिए लाभदायी साबित हुई है।

अपर आयुक्त मनोज पाठकनगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव हर्षल पंचोली द्वारा बुधवार को विभाग के 4 अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई है। इसी आदेश में मनोज पाठक को अपर आयुक्त नगर निगम इंदौर के रूप में पदस्थ किए जाने का जिक्र है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ये तबादले किए गए है।

20 मई को निर्वाचन से जुड़े कार्य के लिए ही मनोज पाठक को उज्जैन नगर निगम से भोपाल संचालनालय में अटैच किया गया था। वे संचालनालय न जाते हुए छुट्टी पर चले गए थे। छुट्टी का आवेदन आने से पहले ही नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने मनोज पाठक को भोपाल के लिए रीलिव कर दिया था। 30 मई को जब मनोज पाठक छुट्टी से वापस लौटे तो उन्हें नगर निगम उज्जैन में ज्वाइनिंग देने से मना कर दिया गया था। उन्हें संचालनालय से रीलिविंग लेटर लाने के लिए कहा गया। नगर निगम में उनके चैंबर पर ताला भी डाल दिया गया था।

इस पूरे घटनाक्रम से ही यह लगभग तय हो गया था कि मनोज पाठक अब उज्जैन नगर निगम में पदस्थ नहीं रहेंगे। हुआ भी वहीं, उज्जैन से अब उनका तबादला इंदौर कर दिया गया है।

जोन 6 से रीलिव हुए राजकुमार

नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता ने भी बुधवार को कर्मचारियों की पदस्थापना से संबंधित आदेश जारी किया है। जोन क्रमांक 6 में पदस्थ भवन निरीक्षक राजकुमार राठौर को भवन निरीक्षक के कार्यो से मुक्त कर दिया गया है। इस जोन में मुकुल मेश्राम और राठौर दोनों ही भवन निरीक्षक का काम देख रहे थे। राठौर के पास जोन क्रमांक 2 में उद्यान विभाग के काम का जिम्मा भी था।

उज्जैन में पदस्थ हुए निगम

बुधवार शाम को नगरीय विकास एवं आवास विभाग से जारी तबादला सूची में उज्जैन में एक उपायुक्त को बढ़ाया गया है। इंदौर नगर निगम में पदस्थ उपायुक्त चंद्रशेखर निगम को उज्जैन में पदस्थ किया गया है। पूर्व में उनका तबादला सागर नगर निगम में सहायक आयुक्त के पद पर किया गया था लेकिन अब आदेश को संशोधित करते हुए निगम को उज्जैन में उपायुक्त बना दिया गया है।

उज्जैन में ही रहेंगे संजेश गुप्ता

संजेश गुप्तानगर निगम उपायुक्त संजेश गुप्ता का तबादला आदेश भी संशोधित हो गया है। वे अब उज्जैन नगर निगम में ही पदस्थ रहेंगे। निर्वाचन की आचार संहिता लागू रहने तक संजेश गुप्ता संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय में पदस्थ रहेंगे और आचार संहिता समाप्त होते ही फिर से नगर निगम उपायुक्त का प्रभार संभाल लेंगे। शासन ने 29 मार्च को उनका तबादला मुख्य नगर पालिका अधिकारी रायसेन के पद पर कर दिया था लेकिन संजेश गुप्ता उज्जैन से रीलिव ही नहीं हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कांग्रेस ने घोषित किए जिला पंचायत के 11 उम्मीदवार

Wed Jun 8 , 2022
बडऩगर के 4 नाम पूर्व में घोषित रह चुके, 6 वार्डो पर मंथन जारी उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस ने बुधवार को जिला पंचायत के 11 वार्डो के लिए भी अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी दो दिन पहले भी बडऩगर विधानसभा क्षेत्र के 4 वार्डो में भी अधिकृत प्रत्याशियों […]