टिकट वितरण पर घमासान, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतले जले

वार्ड नंबर 15 और 40 में सामने आया विरोध

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम चुनाव में पार्षद पद के प्रत्याशियों की सूची को लेकर कांग्रेस में घमासान की स्थिति बन गई है। शनिवार की दोपहर शहर कांग्रेस कार्यालय के बाहर कुछ कांग्रेसियों ने तो जिले के प्रभारी बाला बच्चन, पूर्व विधायक डा. बटुक शंकर जोशी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया के पुतले तक जला डाले। वार्ड 40 के कांग्रेस से जुड़े कई सारे लोगों ने कांग्रेस के ही अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बागी को उतारने की घोषणा कर डाली गई।

बगावत के डर से ही कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन से ठीक पहले वाली रात में लगभग 12 बजे भोपाल से उज्जैन के पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की। जैसे ही यह सूची कांग्रेस के स्थानीय लोगों तक पहुंची, कई वार्डो में अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ माहौल तैयार हो गया। ज्यादतर जगह यह विरोध पार्टी के भीतर ही संभाल लिया गया। वार्ड नंबर 15 और 40 ऐसे जहां कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध खुलकर बाहर आ गया।

वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस ने मेघा नीलेश खुले की उम्मीदवारी तय की है। इस वार्ड से कांग्रेस के शंकर परमार भी टिकट की दौड़ में थे। शुक्रवार दोपहर शंकर परमार, युवक कांग्रेस नेता बबलू खींची और अन्य लोग शहर कांग्रेस कार्यालय क्षीरसागर के बाहर पहुंचे और यहां अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों ने बटुक शंकर जोशी, रवि भदौरिया, कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी महेश परमार पर पार्षद पद के टिकट बेचने तक के आरोप लगा दिए। इन लोगों ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर अपनी ही पार्टी के नेताओं के पुतले फूंके।

भाजपा से पैक्ट का आरोप

वार्ड नंबर 15 से भाजपा ने उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव की बहन कलावती यादव को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के टिकट का विरोध कर रहे कांग्रेसियों का ही आरोप है कि उन्हीं की पार्टी के बड़े नेताओं ने उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव से अंदरूनी पैक्ट कर लिया है। इसी वजह से कलावती यादव के सामने कमजोर प्रत्याशी का नाम घोषित किया गया है।

40 में कांग्रेसी ही खड़ा करेंगे बागी

वार्ड नंबर 40 से कांग्रेस ने मोनिका मनीष परमार को प्रत्याशी बनाया है। इस वार्ड से कांग्रेस से जुड़े राजेंद्र मरमट, राजेश मालवीय, योगेश सोलंकी, संतोष मालवीय, जगदीश मालवीय, रवि बौड़ाना, लेखराज राजोरिया, हजारीलाल चावंड और शंकरलाल मालवीय अपने परिवार की महिलाओं के टिकट मांग रहे थे। शनिवार दोपहर इन सभी ने एक प्रेस वार्ता लेकर अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर मनमानी के आरोप लगाए।

इन्होंने कहा कि मोनिका परमार को वार्ड में आए कुछ ही समय हुआ है। वर्षो से इस वार्ड में रहकर कांग्रेस के लिए काम कर रहे लोगों की अनदेखी की गई है। आरोप लगाया गया कि कल तक भाजपा के झंडे उठाने वाले लोगों को कांग्रेस ने टिकट दे दिया और पुराने कांग्रेसी परिवारों की अनदेखी कर दी। इन सभी ने वार्ड में अपना स्वतंत्र उम्मीदवार खड़ा करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अग्निपथ योजना : भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पर सर्चिंग

Sat Jun 18 , 2022
आसपास के क्षेत्रों में जवानों की तैनाती, सोशल मीडिया पर नजर उज्जैन, अग्निपथ। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में हो रहे प्रदर्शन के बाद उज्जैन पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। शनिवार को रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिसबल और क्यूआरएफ क पनी के साथ रेलवे स्टेशन […]
agnipath Ujjain railway station searching 18 06 22