नकली सोना गिरवी रख व्यापारी से 15 लाख ठगे,पांच पर केस

उज्जैन,अग्निपथ। खरा सोना गिरवी रखने के नाम पर पांच शातिरों ने एक व्यापारी को 15 लाख की चपत लगा दी। 15 दिन के हुई घटना गुरुवार को सामने आने पर खाराकुआं पुलिस ने केस दर्ज किया है।

बियाबानी चौराहा निवासी राजेश पोरवाल ब्रोकरशीप करते है। सांवेर के अरविंद गेहलोद ने 24 कैरेट सोना गिरवी रखने का झांसा देकर उन्हें फांसा। उसने चार साथियों की मदद से 30 मई, 3 व 13 जून को सोना गिरवी रख 15 लाख रुपए ले लिए। हाल ही में पोरवाल ने सोना चेक कराया तो वह उसमें मात्र 3-4 प्रतिशत सोना निकला। ठगी का एहसास होने पर पोरवाल ने गुरुवार को खाराकुआं थाने में शिकायत कर दी। टीआई रविंद्र कटारे ने बताया कि मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।

मकान का नकूचा तोड़ बदमाशों ने दिया चोरी को अंजाम

उज्जैन, अग्निपथ। चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे बदमाशों ने एक बार फिर सूने मकान का नकूचा तोडक़र हजारों के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने हर बार की तरह प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन सुराग नहीं लगा पाई है।

शंकरपुर पंचकुआं स्थित महाकाल कोल्ड स्टोर के पास रहने वाले निगमकर्मी रोहित पिता उमरावसिंह के 2 मकान है। बुधवार रात एक मकान का ताला लगाकर वह परिवार के साथ दूसरे मकान पर गया था। सुबह जब लौटकर आया तो दरवाजे का नकूचा टूटा हुआ था, अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घर में चोरी की सूचना पंवासा थाना पुलिस को दी गई। पुलिसकर्मी जांच करने पहुंचे। बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी लेकर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था। रोहित ने बताया कि चोर उसके घर से 8 हजार रुपये नगद, चांदी की पायजेब, बिछुड़ी, सोने के आभूषण चुराकर ले गये है।

पुलिस ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों को खंगाला लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। शहर में पिछले 6 माह से वारदातों को सिलसिला जारी है। बदमाश हर थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बना रहे है। लेकिन पुलिस को सुराग नहीं लग पा रहा है। बुधवार को नीलगंगा थाना क्षेत्र के शिव परिसर में रहने वाली आबकारी विभाग की महिला एसआई के मकान में वारदात होना सामने आया था। पुलिस जांच के दौरान कैमरे में कैद 2 बदमाश दिखाई दिये थे, लेकिन अब तक पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लग पाई है। कुछ संदिग्धों से जरुर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शत प्रतिशत मतदान पर सवालिया निशान, मतदान कर्मी ही मतदान से वंचित

Thu Jun 23 , 2022
आयोग के तुगलकी फरमान, कर्मचारियों के साथ प्रत्याशियों के लिए बना मुसीबत झाबुआ, अग्निपथ। चुनाव आयोग के तुगलकी फरमान के चलते चुनावों के इतिहास में पहली मर्तबा चुनाव में लगे कर्मचारी मतदान से वंचित हो जाएंगे। एक और चुनाव आयोग सहित शासन प्रशासन शत प्रतिशत मतदान का ढिंढोरा पीट कर […]