पत्रकार वार्ता में कहा-आरोप साबित करो या कोर्ट केस का सामना करो
उज्जैन, अग्निपथ। पंचायती निरंजनी अखाड़ा की महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनीगिरी जी और खाटू श्याम अखाड़े के पदाधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी गिरी ने बडऩगर रोड स्थित निरंजनी अखाड़े में एक प्रेस कांफ्रेंस ली। उन्होंने खाटूश्याम अखाड़े के पदाधिकारियों के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है।
पिछले दिनों खाटू श्याम अखाड़े द्वारा एक संत को महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई थी। इसके बाद निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनीगिरी ने प्रेस कांफ्रेस लेकर आरोप लगाए थे कि खाटूश्याम अखाड़े का वास्तव में कोई वर्चस्व ही नहीं है। भारत में सनातन परंपरा के केवल 13 ही अखाड़ो को मान्यता है, खाटू श्याम अखाड़े की मान्यता नहीं है। इसके बावजूद खाटूश्याम अखाड़े के पदाधिकारी रूपए लेकर महामंडलेश्वर की उपाधियां बांटते फिर रहे है।
साध्वी मंदाकिनी गिरी जी के इन आरोपों के बाद खाटू श्याम अखाड़े के संस्थापक गिरधर महाराज और प्रतिभा दीदी महाराज ने भी प्रेस काफ्रेंस लेकर निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर मंदाकिनी गिरी जी पर आरोप लगाए। दोनों ने रूपए लेकर महामंडलेश्वर बनाने के आरोपों को निराधार बताया और मंदाकिनी गिरी जी पर गृहस्थ होने के आरोप लगाए थे।
इसी बात से आक्रोशित और व्यथित होकर निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर मंदाकिनी गिरी जी ने रविवार को खाटू श्याम अखाड़े के संतों पर पलटवार करते हुए ख़ुद पर लगे हुए सभी आरोपों को सिद्ध करने के लिए कहा। उन्होंने खाटू श्याम अखाड़ा के संतो द्वारा लगाए गए आरोपों पर कहा कि वे आरोपों को सिद्ध करने अन्यथा उनके विरुद्ध कोर्ट में केस दर्ज कराया जाएगा।