फायर ब्रिगेड में महापौर को मिले देशी पव्वे

प्रभारी से कहा- ये भी आग बुझाने के काम आते हैं क्या, 3 शिफ्ट प्रभारियों को ताबड़तोड़ नोटिस

उज्जैन, अग्निपथ। फायर ब्रिगेड कार्यालय के परिसर में मंगलवार शाम अजब नजारा बन गया। महापौर मुकेश टटवाल को यहां फायर ब्रिगेड के काम का डेमो दिखाने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कंट्रोल रूम का कामकाज भी समझा। परिसर का निरीक्षण करने के दौरान कई कोनों में महापौर को देशी शराब के पव्वे पड़े मिल गए।

महापौर ने तत्काल ही फायर ब्रिगेड प्रभारी पर सवाल दाग दिया- ये भी आग बुझाने के काम आते है क्या? परिसर में पव्वे पड़े होने पर महापौर नाराज हुए तो ताबड़तोड़ 3 शिफ्ट प्रभारियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब तलब किया गया है।

यह घटनाक्रम मंगलवार शाम करीब 4 बजे का है। महापौर मुकेश टटवाल नगर निगम के कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां शिकायतों के दर्ज होने से लेकर उनके निराकरण तक की प्रक्रिया को समझा। इसके बाद फायर ब्रिगेड के दल ने उन्हें आग बुझाने का डेमो करके दिखाया।

फायर ब्रिगेड कैंपस में ही निरीक्षण के दौरान कई सारे कोनों में देशी शराब के पव्वे पड़े मिले। महापौर मुकेश टटवाल ने तत्काल ही प्रभारी अधिकारी विजय गोयल को चेतावनी दे दी। जो कर्मचारी ये हरकत कर रहे है, यदि उन्हें नोटिस नहीं दिया तो मैं आपको नोटिस दे दूंगा।

महापौर की साफ शब्दों में चेतावनी के बाद विजय गोयल ने तत्काल ही कंट्रोल रूम में ही तीन शिफ्ट प्रभारियों के विरूद्ध शोकॉज नोटिस तैयार करवाया। फायर ब्रिगेड के शिफ्ट प्रभारी बालाराम, कमल घावरी और संजय पाल को नोटिस जारी कर परिसर में शराब खोरी करने वाले कर्मचारियों के नाम पूछे गए है। तीनों शिफ्ट प्रभारियों से 24 घंटे में जवाब देने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दोस्तों के साथ महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया युवक क्षिप्रा में डूबा

Tue Aug 16 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल दर्शन करने आया युवक क्षिप्रा नदी में डूब गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द किया। इंदौर के बाणगंगा में रहने वाला प्रियांशु पिता बाबूलाल यादव (17) अपने दो दोस्तों के साथ सोमवार शाम को महाकाल दर्शन करने आया था। तीनों क्षिप्रा […]
डूबा