भारती होटल की दो अवैध मंजिलों पर चले हथोड़े

अवैध मंजिलों पर चले हथोड़े

7 दिन पहले छज्जा गिरने से हुई थी महिला की मौत

उज्जैन, अग्निपथ। रेलवे स्टेशन के सामने बनी होटल भारती की ऊपरी दो मंजिलों के अवैध निर्माण को बुधवार को नगर निगम की गैंग द्वारा तोड़ दिया गया है। इसी होटल के पिछले हिस्से का छज्जा गिरने से 10 अगस्त को एक महिला की मौत हो गई थी।

रेलवे स्टेशन के ठीक सामने बनी भारती होटल और श्रीनाथ भोजनालय के भवन की उपरी दो मंजिलों को नगर निगम ने अवैध ठहराया है। मंगलवार को भवन के मालिक शंकरलाल माहेश्वरी निवासी बहादुरगंज को नोटिस दिया गया। इस नोटिस में 6 घंटे में उपरी माले खाली करने की चेतावनी दी गई थी।

बुधवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम के अधिकारी और अमला पुलिस बल के साथ यहां पहुंच गया। होटल के उपरी दो तल पर तीन-तीन कमरे बने हुए थे। घन की मदद से इन्हें तोड़ा गया। स्टेशन के ठीक सामने मुख्य रोड़ पर यह कार्यवाही की जा रही थी लिहाजा एक तरफ का ट्रेफिक बंद करना पड़ा। भारती होटल के भवन के निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा तीन मंजिल निर्माण का ही नक्शा स्वीकृत किया गया था लेकिन मौके पर पांच मंजिले बनी हुई थी।

होटल संचालक शंकरलाल माहेश्वरी का कहना है कि 2004 के सिंहस्थ से पूर्व मुख्य सडक़ का चौड़ीकरण किया गया था, इसमें उनकी 18 फिट जगह सडक़ निर्माण में चली गई। तब के अधिकारियों ने किसी भी होटल संचालक को किसी तरह का मुआवजा नहीं दिया, इसके बजाए उन्हें उपरी माले पर निर्माण की मौखिक अनुमति दे दी गई थी। नगर निगम से मौके पर 5 मंजिल तक निर्माण की किसी तरह की लिखित अनुमति जारी नहीं की गई है।

जर्जर हो चुका था पिछला हिस्सा

10 अगस्त की सुबह होटल के पिछले हिस्से में सरदारपुरा में रहने वाली महिला लता पति श्याम वर्मा की होटल का छज्जा गिर जाने से मौत हो गई थी। पीछे की गली में रहने वाली लता वर्मा सुबह घर के बाहर नल से पानी भरकर वापस घर लौट रही थी। होटल भारती के वेंटिलेशन के छज्जे की भारी-भरकम फर्सी सीधे लता वर्मा के सिर पर गिरने से उन्हें गंभीर चोट आई थी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।

लता वर्मा के पति श्याम वर्मा सरदारपुरा में ही घर के नीचे सैलून चलाते है। लता वर्मा के परिवार वालों ने घटना के बाद पुलिस को भी बताया था कि भारती होटल का भवन जर्जर हालत में है। यहां से आए दिन ईंटें, फर्शी के टुकड़े आदि नीचे गिरते रहते हैं। पहले भी कई बार हादसे होते हुए बचे है। होटल की छत से आए दिन शराब की बोतलें भी पीछे गली में फेंक दी जाती है।

होटल का बचा हुआ खाना, कचरा आदी भी पीछे गली की नालियों में ही फेंक दिया जाता है, इस वजह से पूरे क्षेत्र में बदबू फैली रहती है। लता वर्मा की मौत के मामले में देवासगेट पुलिस होटल संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

चोरी का माल बेचने जा रहे आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Wed Aug 17 , 2022
फरार इनामी बदमाश भी पकड़ाया बेरछा, अग्निपथ। निर्माणाधीन मकान से पानी की मोटर, स्टार्टर व केबल वायर चोरी कर बेचने जा रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घेराबंदी कर इन्हें बिरगोद रेलवे फाटक के पास से पकड़ा है। वहीं पुलिस को डकैती के मामले में दो साल […]