अच्छे पदों पर आसीन होकर अपने मां-बाप एवं गांव का नाम रोशन करें: राज्यपाल

नलखेड़ा के ग्राम लसुल्डिया गोपाल में स्कूली बच्चों से बोले राज्यपाल पटेल

नलखेड़ा, अग्निपथ। सुरक्षित जीवन के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है, शिक्षा जीवन की कुंजी है, जीवन में पढऩे का समय बार-बार नहीं आता है, समय का सदुपयोग कर पढ़-लिखकर अच्छे पदों पर आसीन होकर अपने माता-पिता व गांव का नाम रोशन करें।

यह बात प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरूवार को नलखेड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम लसुल्डिया गोपाल में स्कूली बच्चों एवं जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कही। पटेल ने कहा कि बेटे-बेटियों की शिक्षा के बगैर समाज की प्रगति संभव नहीं है, सभी माता-पिता अपने बच्चों को जरूर पढ़ाए तथा उन्हें संस्कारवान बनाएं, सभी बच्चें पढ़ेंगे-लिखेंगे तो समाज को एक नई दिशा मिलेगी।

राज्यपाल ने कहा कि आज कई जगह देखने में आता है कि शादी होने के बाद बच्चे अपने माता-पिता से अलग होकर रहने लगते है, जबकि माता-पिता द्वारा अपने बच्चों को बड़ा करने में कई कष्ट उठाना पड़ते है और जब उन्हें उनकी आवश्यकता होती है, तो बच्चे उनसे दूर होकर रहने लगते है।

सभी बच्चे अपने माता-पिता को हमेशा साथ रखें, खासकर वृद्धावस्था के दौरान उन्हें अपने से दूर न कर उनकी सेवा करें। उन्होंने उपस्थितजनों से कहा कि शासन की जनकल्याण के लिए संचालित की गई योजनाओं का लाभ लेकर जीवन में आगे बढे।

पुस्तक का विमोचन किया

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ग्राम लसुल्डिया गोपाल में आयोजित कार्यक्रम में आगर जिला प्रशासन द्वारा सुशासन के क्षेत्र में किए गए नवाचार पर आधारित पुस्तक ‘सुशासन दल का एक वर्ष, प्रशासन गांव की ओर…’ का विमोचन किया।

फीता काटकर हिताग्रही को करवाया गृह प्रवेश

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में नवनिर्मित आवास का फीता काटकर राज्यपाल ने हितग्राही गंगाराम को गृह प्रवेश करवाया। इसके पश्चात् राज्यपाल ने प्रधानमंत्री आवास में हितग्राही के परिवार के साथ भोजन ग्रहण किया गया तथा हितग्राही को फलों की टोंकरी भेंट की गई।

सिकल सेल एनिमिया शिविर का अवलोकन किया

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित सिकल सेल एनिमिया शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि सिकल सेल एनिमिया की गंभीरता को समझे, इससे पिडि़त व्यक्ति की समय पर जांच एवं उपचार करें। अधिक से अधिक लोगों की सिकल सेल एनिमिया जांच कर उनका उपचार करें। इस रोग के प्रति जन-जागरूकता लाई जाएं, ताकि प्रारंभिक लक्षण होने पर इसकी समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित हो सकें।

स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में कुल 159 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 99 मरीजों की सिकल सेल एनिमिया की जांच की गई। इसके साथ ही बुखार, हड्डी रोग व अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया तथा नि:शुल्क दवाईयां वितरित की गई। शिविर में कोविड-19 वैक्सीन का पिकॉशन डोज भी लगाया गया।

स्व-सहायता समूह ने लगाई प्रदर्शनी

राज्यपाल ने गांव लसुल्डिया गोपाल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर बैंक सखी प्रदर्शनी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और सदस्यों द्वारा निर्मित की गई वस्तुओं जैसे खिलौने, महिलाओं के बैग, चूडिय़ां, हाथ कड़े, अचार, घरेलू मसाले, गणेशजी की मूर्तियां इत्यादि की प्रदर्शनी को राज्यपाल ने सराहा और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में कलेक्टर अवधेश शर्मा, डीएफओ मयंक चंदीवाल, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर, सीईओ जिला पंचायत डीएस रणदा, एसडीएम सुसनेर सोहन कनाश, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह सेंगर, तहसीलदार पारस वैश्य, जनपद पंचायत नलखेड़ा के सीईओ राम प्रतापसिंह पंवार, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ विजय यादव सहित अधिकारी कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

राज्यपाल पटेल ने की बाबा बैजनाथ की पूजा की

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ग्राम लसूल्डिया गोपाल पहुंचने के पूर्व आगर में स्थित प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव की पूजा अर्चना कर देश एवं प्रदेश में खुशहाली की कामना की। प्रदेश के राज्य में महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल के तहसील क्षेत्र के ग्राम लसूल्डिया गोपाल आगमन पर नगर परिषद नलखेड़ा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, उपाध्यक्ष प्रीतेश फाफरिया, पार्षद गोवर्धन वेदिया एवं निलेश लोढा ने ग्राम लसूल्डिया गोपाल पहुंचकर राज्यपाल को मां बगलामुखी का चित्र भेंटकर स्वागत किया गया इस दौरान पटेल को नलखेड़ा आगमन हेतु निवेदन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नगर निगम के हाथ से निकली कवेलू कारखाने की जमीन

Thu Aug 18 , 2022
अधिकारियों के ढीले रवैये के बाद संभागायुक्त ने विकास प्राधिकरण को जमीन सौंपने का लेटर लिखा उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा क्षेत्र में कवेलू कारखाने की बेशकीमती जमीन नगर निगम के हाथ से निकल गई है। नगर निगम ने इस जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मल्टी बनाने की प्लानिंग की […]