कार्तिक की दूसरी सवारी में नगर भ्रमण पर निकले राजाधिराज

श्रद्धालुओं ने बिछाये पलक-पावड़े, सावन-भादौ मास की ही तरह सवारी में रही भीड़

उज्जैन, अग्निपथ। भगवान महाकाल की कार्तिक मास की दूसरी सवारी भी धूमधाम से निकली। अपने भक्तों को दर्शन देने के लिये राजाधिराज सावन भादौ मास के अलावा कार्तिक एवं अगहन मास में राजसी ठाठबाट से नगर भ्रमण पर निकलते हैं। कार्तिक मास की सवारी में सावन भादौ मास की सवारी जैसा नजारा दिखाई दिया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर से परंपरानुसार कार्तिक-अगहन मास में भी प्रति सोमवार को मंदिर के आंगन से भगवान महाकाल की सवारी निकलती है। सोमवार को कार्तिक मास की दूसरी सवारी के नगर भ्रमण पर निकलने के पहले मंदिर के सभामडंप में एसएसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला, एडीएम संतोष टैगोर ने भगवान के मुघौटे का पूजन किया।

इसके बाद ठीक 4 बजे अधिकारियों ने कंधा से उठाकर पालकी को आगे बढ़ाया। सवारी को मुख्य प्रवेश द्वार पर सशस्त्र पुलिस जवानों ने सलामी दी। सवारी के साथ पुलिस बैंड, घुड़सवार दल, परंपरागत रूप से शामिल होने वाली भजन मंडली के सदस्य भी शामिल थे। वहीं मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी सवारी की व्यवस्था में लगे थे।

इन मार्गो से होकर निकली सवारी

श्री महाकालेश्वर मंदिर से शाम चार बजे प्रारंभ हुई बाबा महाकाल की सवारी मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी होकर रामघाट पहुंची। शिप्रा तट पर भगवान की पालकी रखकर पुजारी द्वारा पूजन अभिषेक किया गया। करीब 30 मिनिट पूजन के बाद सवारी रामघाट से गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, ढाबा रोड़, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी बाजार होकर शाम को वापस मंदिर लौटी।

सडक़ों पर भारी भीड़

भगवान महाकाल के दर्शन के लिए इन दिनों देश भर के श्रद्धालु पहुंच रहे है। वहीं कार्तिक मास की पहली सवारी के दौरान भी सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जिन रास्तों से सवारी निकली, वहां पर स्थित घरों की छतों और सडक़ों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। श्रद्धालु भगवान की एक झलक पाने के लिये बेताब रहे। प्रशासन ने सवारी निकलने के पहले ही सवारी मार्ग पर सफाई कराने के साथ ही बेरिकेट्स लगाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल लोक प्रोजेक्ट और इंदौर की 56 दुकान को पुरस्कार

Mon Nov 7 , 2022
सीएम ने दिया इनोवशन, गवर्नमेंट सर्विस डिलेवरी में एक्सीलेंस अवॉर्ड उज्जैन/इंदौर, अग्निपथ। मप्र राज्य की स्थापना के 66 साल पूरे होने पर एक नवंबर से सात नवंबर तक प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके समापन के मौके पर सोमवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल, सीएम शिवराज शिवराज सिंह […]