रामघाट पर कव्वाली से पहले तकरार

चार थानों का बल पहुंचा, हिंदूवादी संगठनों ने किया विरोध, अनुमति देकर असंमजस में फंसा प्रशासन

उज्जैन, अग्निपथ। रामघाट पर मौलाना मौज की दरगाह के ठीक नीचे वाले हिस्से में शुक्रवार की शाम खासा मजमा खड़ा हो गया। दरगाह के नीचे घाट पर शाम को कव्वाली का आयोजन होना था, प्रशासन ने इसके लिए विधिवत अनुमति जारी की थी लेकिन हिंदू संगठनों से जुड़े लोग इसके विरोध में उतर आए। इनका तर्क था कि कव्वाली का आयोजन करना है तो दरगाह परिसर में ही करे। घाट का इस्तेमाल नहीं करने देंगे। देर रात तक भी इस मुद्दे पर विवाद जारी रहा।

मौलाना मौज की दरगाह पर सालाना उर्स का आयोजन चल रहा है। उर्स के अंतर्गत ही शुक्रवार शाम को यहां जुनैद सुल्तानी की कव्वाली का आयोजन होना था। इसके लिए नीचे रामघाट पर मंच बनाया गया था। शाम करीब 4 बजे हिंदू समाज से जुड़े कुछ संगठनों के पदाधिकारी यहां पहुंचे और आयोजन का विरोध करने लगे। विरोध की सूचना मिलने पर सीएसपी ओ.पी. मिश्रा मौके पर पहुंचे, उन्होंने उर्स आयोजकों से अनुमति की कॉपी मांगी।

एसडीएम कार्यालय से रामघाट पर इस आयोजन के लिए अनुमति जारी की गई थी लिहाजा सीएसपी वापस लौट आए। प्रशासन की अनुमति होने के बावजूद हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विरोध पर अड़े रहे। रामघाट पर लगे मंच के एक तरफ 100 से ज्यादा विरोध करने वाले जमा थे। किसी तरह का अप्रिय घटनाक्रम रोकने के लिए यहां 4 थानों से पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

एडीएम संतोष टेगौर, एएसपी आकाश भूरिया, अभिजीत आनंद, एसडीएम संजीव साहू, कल्याणी पांडे भी रामघाट पर पहुंच गए थे। रात 9 बजे तक भी इस मुद्दे का कोई हल नहीं निकाला जा सका था और न ही कव्वाली का आयोजन शुरू हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सर्दी के दिनों में सुबह 9 बजे से लगेंगे स्कूल

Fri Nov 11 , 2022
कलेक्टर ने जारी किए आदेश, 14 से लागू होगा नया समय उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन जिले में अब कक्षा नर्सरी से लेकर 12 वीं तक के सभी श्रेणी के स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच ही संचालित किए जाएंगे। सर्दी की वजह से कलेक्टर ने ये आदेश […]

Breaking News